Dilip Walse Patil
File Photo: ANI

    Loading

    गड़चिरोली. जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां के ग्यारापट्टी के जंगलों में शनिवार को पुलिस ने मुठभेड़ में 26 नक्सलियों को मार गिराया। इस दौरान पुलिस के चार जवान भी घायल हुए, जिन्हे अस्पताल ले जाया गया है। यह कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस की सी-60 यूनिट ने की है।

    पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धनोरा तहसील के ग्यारापत्ती जंगल में मुठभेड़ स्थल से 26 नक्सलियों के शव बरामद हुए। नक्सल विरोधी अभियान में घायल हुए चार पुलिस जवानों को एयरलिफ्ट कर नागपुर के ऑरेंज सिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के क्रिटिकल केयर कॉम्प्लेक्स में भर्ती कराया गया है।

    इस संबंध में महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि, “मुझे आज गडचिरोली में एक नक्सल विरोधी अभियान में 25 अन्य लोगों के साथ एक शीर्ष नक्सली कमांडर के मारे जाने की खबरों की जानकारी है। मारे गए नक्सलियों का सत्यापन किया जा रहा है, जब तक यह नहीं हो जाता तब तक नाम नहीं लेंगे।”

    गृह मंत्री ने पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई के लिए जिला पुलिस दल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि, “हमारे पुलिस दल का मुझे अभिमान है। आज की कार्रवाई राज्य में ही नहीं बल्की देश के इतिहास में उल्लेखनीय बनी है। राज्य की सुरक्षा की दृष्टि से यह कार्रवाई काफी महत्वपूर्ण है।”