किसानों को 400 करोड़ रु. का फसल कर्ज बांटने का लक्ष्य

    Loading

    गोंदिया.  इस वर्ष जिले के किसानों को 400 करोड़ रुपए का फसल कर्ज बांटने का बैंकों को लक्ष्य दिया गया है. विशेष उल्लेखनीय यह है कि सबसे अधिक फसल कर्ज बांटने का लक्ष्य गोंदिया जिला मध्यवर्ती बैंक को दिया गया है. जिले में खरीफ फसल का मौसम कुछ दिन में ही शुरू होने जा रहा है. खरीफ फसल लगाने के लिए लाभार्थी किसानों को समय पर कर्ज उपलब्ध कराने के निर्देश जिला प्रशासन द्वारा दिए गए है.

    उल्लेखनीय है कि जिले की मुख्य फसल धान होने से खरीफ मौसम में लगभग 2 लाख हेक्टर पर धान की रोपाई की जाती है. धान की खेती जिले के लगभग डेढ़ लाख से अधिक किसान करते हैं. फसल लगाने के लिए एक वर्ष के लिए शून्य प्रश. पर लाभार्थी किसानों को नियम व शर्तों के आधार पर फसल कर्ज बांटा जाता है. इस वर्ष गोंदिया जिले को 400 करोड़ रु. फसल कर्ज बांटने का लक्ष्य शासन द्वारा दिया गया है. इस संदर्भ में अग्रणी बैंक प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि गोंदिया जिला मध्यवर्ती बैंक को 232 करोड़ रु. फसल कर्ज बांटने का लक्ष्य दिया गया है. इसी प्रकार राष्ट्रीयकृत बैंक को 95 करोड़ 19 लाख रु., ग्रामीण बैंक को 48 करोड़ 42 लाख रु., निजी बैंकों को 23 करोड़ 30 लाख रु. व स्मॉल बैंक को 1 करोड़ 42 लाख रु. इस प्रकार 400 करोड़ रु. का फसल कर्ज बांटने का लक्ष्य दिया गया है. अब तक कितने किसानों को कर्ज बांटा गया इसकी जानकारी 2 जून तक मिल सकेगी.

    0 हरिंद्र मेठी

    0000