बेबसी की तस्वीर : भूस्खलन के बाद बीमार पत्नी को कंधे पर लादे निकल पड़ा बुजुर्ग, रास्ते में हुई मौत

    Loading

    नंदुरबार. महाराष्ट्र के कई जिलों के लगातार बारिश के चलते कुदरत कहर बरपा रही है। भूस्खलन (Landslide) के कारण इलाकों में रास्ते बंद हैं। जिससे लोगों का शहरों से संपर्क टूट गया है। वाहनों का परिचालन बंद है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर नंदुरबार जिले की एक दिल को झकझोर देने वाली तस्वीर वायरल (Viral Photo) हो रही है। जहां एक पति बेबसी में बीमार पत्नी को कंधे पर उठाकर चल रहा है।

     बेबसी की तस्वीर

    दरअसल, यह मार्मिक तस्वीर नंदुरबार जिले (Nandurbar District) के चांदसैली इलाके की है। जहां भारी बारिश हो रही है। सारे रास्ते बंद पड़े हुए हैं। इसी बीच यहां के रहने वाले एक बुजुर्ग की पत्नी सिदलीबाई की अचानक तबीयत खराब हो गई।।

    कंधे पर पत्नी को लेकर निकला पर रास्ते में ही टूटी सांसे

    रिपोर्ट के अनुसार बुजुर्ग की पत्नी बीमार थीं और उन्हें एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन आदिवासी  इलाके तड़ोदा से धड़गाव (dhadgaon) जिला अस्पताल के बीच में रास्ता चंदसैली के पहाड़ों से होकर गुजरता है। जैसे ही एंबुलेंस चंदसैली के पहाड़ी इलाके में पहुंची, एकाएक वहां भू-स्खलन हो गया। मलबों के चलते आगे का रास्ता बंद हो गया। 

    ड्राइवर ने गाड़ी फिर पीछे कर के घुमाने की कोशिश की लेकिन तब तक पीछे भी लैंड स्लाइड हो गया जिससे एंबुलेंस दोनो तरफ से फंस गई। एंबुलेंस फंसने के बाद कोई रास्ता ना दिखने पर बीमार महिला का पति उसे कंधे पर करीब 4-5 किलोमीटर पहाड़ो से अस्पताल की तरफ भागता रहा लेकिन अस्पताल पहुंचने के पहले ही पत्नि ने दम तोड़ दिया। यह घटना बुधवार की बताई जा रही है।  

    फिर शव को वापस गांव लाया 

    बुजुर्ग काफी देर तक पत्नी का शव बीच सड़क पर रख बिलखता रहा। अपनी किस्मत और सरकार को कोसता हुआ दिल पर पत्थर रख शव को कंधे पर लटकाए अपने गांव वापस लौट गया।

    बीजेपी ने लगाए आरोप

    राज्य सरकार को घेरते हुए बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा वाघ ने कहा- ‘राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था का क्या हाल है ये घटना उसका जीता जागता उदाहरण है।  राज्य में आदिवासी मंत्री के विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी लोग स्वास्थ्य व्यवस्था की कमी से मर रहे है लेकिन राज्य सरकार गंभीर नहीं है।’

    इसके जवाब में जिला अधिकारी महेश पाटील ने बताया कि महिला को एंबुलेंस मे लाया जा रहा था. इस बीच लैंड स्लाइड हुई जिससे गाड़ियां बंद हो गई।  रास्ते पर से मलबा हटाया जा रहा था इसी दौरान महिला की मौत हो गई।