Unseasonal Rains

Loading

जलगांव: इस वर्ष मार्च-अप्रैल में बेमौसम बारिश (Unseasonal Rains) के कारण जिले में रबी और गर्मी के मौसम में फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार (Maharashtra Government) के निर्णयानुसार 177 करोड़ 80 लाख 61 हजार रुपए का वितरण किया गया है। इसमें जलगांव जिले (Jalgaon District) के 18 हजार से अधिक किसानों (Farmers) को करीब 20 करोड़ 42 लाख रुपए की सहायता राशि दी गई हैं।

उत्तर महाराष्ट्र में जलगांव सहित धुलिया, नंदुरबार, नासिक सहित अन्य जिलों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने गर्मी के मौसम की फसलों और बागों को व्यापक नुकसान पहुंचाया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दो हेक्टेयर तक प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने के लिए प्रशासन को नुकसान का तत्काल पंचनामा बनाने का आदेश दिया था। इसके अनुसार सरकार ने नुकसान से प्रभावित किसानों की राहत के लिए तुरंत राहत राशि वितरित करने का भी निर्णय लिया है और राज्य सरकार द्वारा जिलों को 177 करोड़ 80 लाख 61 हजार रुपए की राशि वितरित की गई है। इसमें जलगांव के लिए 20 करोड़ 42 लाख 61 हजार रुपए की धनराशि का वितरण किया गया है।

बारिश से फसलों को नुकसान 

4 से 8 मार्च और 6 से 19 मार्च के दौरान हुई बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। नासिक राजस्व विभाग के तहत करीब 70 हजार 666 किसानों की फसल बर्बाद हुई है। इनमें जलगांव जिले में 18 हजार 364 किसानों के 11 हजार 991.9 हेक्टर, नासिक जिले में 22 हजार 956 किसानों की 9 हजार 176.89 हेक्टेयर, नगर 11 हजार 793, धुलिया 8 हजार 717 और नंदूरबार जिले में 8 हजार 866 किसानों का समावेश है। रिपोर्ट में बताया गया है कि कई लोगों के घरों और पशुओं की भी हानि हुई है।

…तो इनपुट सब्सिडी के रूप में किसानों को दी जाती है सहायता

बेमौसम बारिश राज्य सरकार द्वारा घोषित एक नैसर्गिक आपदा है और यदि कृषि फसलों का नुकसान 33 प्रतिशत से अधिक है, तो प्रभावित क्षेत्र के लिए निर्धारित दर पर इनपुट सब्सिडी के रूप में किसानों को सहायता दी जाती है। मार्च में बेमौसम बारिश के कारण किसानों को सहायता प्रदान करने के लिए सभी विभाग आयुक्तों द्वारा निधि मांग प्रस्ताव बनाए गए थे। इसके अनुसार प्रशासन ने कहा है कि नासिक मंडल के लिए 63 करोड़ 9 लाख 77 हजार रुपए की सहायता राशि के अनुसार जलगांव जिले के लिए 20 करोड़ 42 लाख 61 हजार रुपए बांटे गए हैं।