जलापूर्ति मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में गहराया जल संकट

  • क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका पर निकाला हंडा मोर्चा
  • समस्या के लिए गुलाब राव पाटिल को ठहराया जिम्मेदार

Loading

जलगांव. प्रदेश के सार्वजनिक पानी सप्लाई व स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटिल (Gulabrao Patil) के विधानसभा क्षेत्र में जल संकट (Water crisis) अत्यधिक बढ़ गया है। तहसील स्तरीय गांव होने के बावजूद आज तक पेयजल समस्या की ओर मंत्री पाटिल ने भी ध्यान नहीं दिया। इसके चलते ग़ुस्साए लोगों ने नगरपालिका पर जनाक्रोश हंडा मोर्चा निकाला। प्रतिनिधिमंडल ने नगरपालिका प्रशासन (Municipal administration) और गुलाबराव पाटिल की कार्य प्रणाली की भर्त्सना की।

पाटिल के खिलाफ महिलाओं ने लगाए नारे

बीते दो वर्षों से जलगांव (Jalgaon) जिले में जोरदार बारिश हो रही है। इसके बावजूद धरणगांव की पानी समस्या हल नहीं की जा रही है। प्रचुर मात्रा में पानी उपलब्ध होने के बावजूद सिर्फ पानी सप्लाई योजना की खराबी, पानी सप्लाई की प्लानिंग न करना मंत्री की उदासीनता बरतने के कारण उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को हर साल जल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पानी समस्या को लेकर नागरिकों ने विधायक, सांसद, मंत्रियों से लेकर प्रशासन तक शिकायतें कीं, पर आज तक कोई सुधार नहीं हुआ। 

उल्लेखनीय है कि धरणगांव प्रदेश के जलापूर्ति मंत्री गुलाबराव पाटिल (Gulabrao Patil) के निर्वाचन क्षेत्र वाला गांव है। पानी समस्या से तंग नागरिकों ने नपा में जनाक्रोश हंडा मोर्चा निकाला और अपना रोष जताया। संतप्त महिलाओं ने मोर्चे में शामिल होकर पाटिल के खिलाफ नारे लगाए। शहर में पानी सप्लाई ठीक से होने की मांग करते हुए मोर्चेवालों ने प्रशासन को चेतावनी भी दी.

महिलाओं ने जताई नाराजगी

मोर्चे में महिलाओं की संख्या सबसे अधिक थी। दैनिक कार्यों में पानी की कमी के कारण महिलाओं को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। दिन निकलते ही महिलाओं को हर दिन, पानी के लिए भटकना पड़ता है।  यदि नगर पालिका नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करा पाती है तो क्या उपयोग ऐसा कहते हुए महिलाओं ने कड़ा रोष जताया। मोर्चे में आयी महिलाओं ने कहा कि अधिकारियों को कुर्सी छोड़नी चाहिए और लोक प्रतिनिधियों को भी अपने पदों से इस्तीफे देने चाहिए। कुछ महिलाएं तो इतनी संतप्त हुईं कि उन्होंने नगर पालिका के सामने मिट्टी के घड़े भी फोड़े।

जिलाधिकारी कार्यालय पर आंदोलन की चेतावनी

धरणगांव नगर पालिका में शिवसेना की सत्ता है। राज्य के सार्वजनिक जलापूर्ति व स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटिल के मार्गदर्शन में शिवसेना के पदाधिकारी सत्ता संभाल रहे हैं। इसके बावजूद ठंड के दिनों से ही धरणगांव में जल किल्लत चरम पर है। इसे लेकर मोर्चे में महिलाओं ने बड़ा रोष जताया और पानी समस्या तत्काल हल नहीं हुई तो ऐसा ही मोर्चा जिलाधिकारी कार्यालय पर निकाला जाएगा। ऐसी चेतावनी भी महिलाओं ने दी।