kolhapur
Pic: Social Media

Loading

नई दिल्ली/कोल्हापुर. महाराष्ट्र (Maharashtra) से मिली एक सनसनीखेज खबर के अनुसार, यहां के कोल्हापुर (Kolhapur) में एक ऑटोचालक द्वारा एक महिला को सड़क पर घसीटे जाने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि, उक्त ऑटोचालक का महिला के साथ किराए को लेकर कुछ विवाद हुआ था। वहीं, वीडियो सामने आते ही कोल्हापुर पुलिस अब इस घटना की जांच में जुट चुकी है।

मिली जानकारी के अनुसार उक्त घटना कोल्हापुर के राजारामपुरी की बताई जा रही है। यहां एक ऑटोचालक ने महिला को सड़क पर लगभग 200 मीटर तक घसीटा है। महिला बुरी तरह से जख्मी हो गई है। पुलिस के मुताबिक, महिला के पति का किराए को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के बीच किसी बात पर बहस हो ही रही थी कि महिला भी इस विवाद में कूद पड़ी। इसी बीच, ड्राइवर ने अचानक ऑटो चला दी और महिला की साड़ी ऑटो के पीछे बम्पर में अचानक फंस गई।

फरार हुआ ऑटोचालक

इधर इस घटना को अंजाम देने के बाद ऑटोचालक मौके से फरार हो गया है। वहीं इस घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। इस फुटेज में दिख रहा है कि, सड़क से एक ऑटो आ रही है। वहीं, उक्ल्ट ऑटो के पीछे एक महिला फंसी दिख रही है। वहीं ये बेलगाम ऑटो महिला को घसीटता हुआ सड़क से जाता नजर आ रहा है। इस बीच, सड़क पर एक युवक भी इस ऑटो को रोकने की कोशिश करता है, लेकिन ऑटोचालक अपने वाहन को नहीं रोकता है। वहीं वह तेजी से आगे बढ़ जाता है।

पुलिस की मानें तो अफसरों का कहना है कि CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब ऑटोचालक की पहचान में जुटी हुई है। वहीं आसपास के लगे दूसरे CCTV कैमरों के फुटेज भी अब खंगाले गए हैं। ऐसे में जल्द ही आरोपी ऑटोचालक पुलिस की गिरफ्त में होगा। वहीं घटना को लेकर महिला और उसके पति का जल्द ही बयान भी लिया जाएगा।