
मुंबई: मुंबई उच्च न्यायालय से दशहरा रैली की अनुमति मिलने के बाद शिवसेना प्रमुख (Shiv Sena Chief) उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने कहा, न्यायपालिका में हमारा भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने शिवसैनिकों (Shiv Sena Workers) से आह्वान किया है कि, वे शिवाजी पार्क (Shivaji Park) में होने वाली दशहरा रैली (Dussehra Rally) में उत्साह के साथ मौजूदगी दर्ज कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि, शिवसेना की दशहरा रैली की परंपरा में कोई कालिख न लगे इसका कार्यकर्ताओं को ध्यान रखना होगा।
अदालत ने कहा कि बीएमसी का आदेश ‘‘स्पष्ट रूप से कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग है।” पीठ ने ठाकरे नीत शिवसेना को दो से छह अक्टूबर तक शिवाजी पार्क का उपयोग करने की अनुमति दी है, लेकिन साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने को कहा है। पता हो कि, शिवसेना हर वर्ष दशहरा के पर्व पर मुंबई के शिवाजी पार्क में रैली का आयोजन करती है। इस बार बीएमसी ने शिवसेना को रैली की इजाजत नहीं दी थी।
कोर्ट ने क्या कहा
अदालत ने उद्धव ठाकरे को दशहरा रैली के लिए अनुमति देते हुए कुछ अहम बातें भी कही है। अदालत ने कहा कि, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कानून व्यवस्था बनी रहे। साथ ही बीएमसी को फटकार लगाते हुए अदालत ने कहा कि, इतने वर्षों से आयोजन हो रहा है और अभी तक कोई घटना नहीं हुई है। कोर्ट ने यह भी कहा कि, सरकार के जीआर में दशहरा रैली आयोजन का तय दिन दिया गया है।
गौरतलब है कि, महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन के साथ ही शिवसेना में संघर्ष की स्थिति पैदा हो गई थी। वहीं, उच्चतम न्यायालय में शिवसेना पार्टी पर अधिकार के लिए भी मुकदमा चल रहा है। दो गुटों में बटीं शिवसेना के शिंदे गुट दावा कर रहा है कि वो असली शिवसेना है। इस मामले में कोर्ट 27 सितंबर को सुनवाई करेगा।