corona
PTI Photo: File

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) के 960 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 41 मरीजों की मौत हो गई है। जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 66,32,257 और मृतकों की संख्या 1,40,807 हो गई है। इस बात की जानकारी बुधवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग ने दी।

    स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में 1043 लोग कोरोना से उबरे हैं। राज्य में अब तक 64,78,422 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। फिलहाल में राज्य में 9,366 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा हैं। राज्य में आज रिकवरी रेट 97.68 और डेथ रेट 2.12 प्रतिशत दर्ज किया गया। 

    गौरतलब है कि मंगलवार को राज्य में कोरोना के 766 मामले सामने आए थे और 19 संक्रमितों की मौत हुई थी। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि 929 लोग इस खतरनाक बीमारी से ठीक होकर घर लौटे हैं।

    वहीं आज राज्य में दस जिलों और छह नगर निकायों में किसी भी नए मामले की सूचना नहीं है। मुंबई ने सबसे अधिक 251 नए मामले मिले है। वहीं इसके बाद पुणे शहर में 114 नए मामले मिले हैं।

    महाराष्ट्र के आठ प्रशासनिक क्षेत्रों में मुंबई संभाग में सबसे अधिक 425 नए कोविड-19 मामले दर्ज किए, इसके बाद पुणे संभाग में 324 और नासिक संभाग में 133 मामले सामने आए। वहीं कोल्हापुर संभाग में 25 नए मामले, औरंगाबाद संभाग में 18, लातूर संभाग में 19, नागपुर संभाग में 11 और अकोला संभाग में पांच नए मामले दर्ज किए गए।

    उधर पुणे संभाग में 20 मौतें दर्ज की गई है। जबकि, मुंबई संभाग में 15, नासिक संभाग में 6 मौतें हुई है। वहीं कोल्हापुर संभाग, लातूर संभाग, अकोला संभाग, नागपुर संभाग और औरंगाबाद संभाग में आज एक भी मौत दर्ज नहीं की गई।