PTI Photo
PTI Photo

Loading

मुंबई: पुरानी पेंशन योजना को लागू करने की मांग को लेकर पिछले सात दिनों से हड़ताल कर रहे सरकारी कर्मचारी संघ ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से चर्चा के बाद संघ ने हड़ताल वापस लेने का फैसला किया।  

उल्लेखनीय है कि, आज राजपत्रित अधिकारियों ने 28 मार्च से हड़ताल में शामिल होने की चेतावनी दी थी।  इन कर्मचारियों की मांग पुरानी पेंशन योजना को लागू करने की है।  इसी को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधान भवन में कर्मचारी संघ की बैठक बुलाई थी।  बैठक में सकारात्मक चर्चा हुई और कर्मचारियों ने घोषणा की कि वे अपनी हड़ताल वापस ले रहे हैं। मुख्यमंत्री शिंदे ने आश्वासन दिया है कि पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी।  इसके बाद हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया है। कर्मचारी कल मंगलवार से काम पर लौटेगा।

कर्मचारी यूनियन के विश्वास काटकर ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा, “सरकार ने आश्वासन दिया है कि ओपीएस निश्चित रूप से लागू किया जाएगा और इसे लिखित रूप में भी दिया जाएगा। वे हड़तालियों को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस को भी वापस ले लेंगे। हम भी इस मुद्दे पर सरकार का पूरा सहयोग करेंगे।” 

विश्वास काटकर ने घोषणा की कि वार्ता सफल होने के कारण हड़ताल तत्काल समाप्त कर दी गई है और सभी कर्मचारी मंगलवार से नियमित ड्यूटी पर लौट आएंगे। वहीं,उन्होंने विपक्षी पार्टी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) का हड़तालियों का समर्थन करने और राज्य विधानमंडल में उनकी चिंताओं को उठाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने ओपीएस के संबंध में कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर सरकार की सकारात्मक प्रतिक्रिया को भी स्वीकार किया।