File Photo
File Photo

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) में ओमीक्रॉन (Omicron) की रफ़्तार तेज हो गई है। आज एक ही दिन में राज्य में 31 मामले सामने आए है। जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 141 हो गई है। यह पहला मौका है जब राज्य में एक ही दिन में इतने मामले सामने आए है। 

    स्वास्थ्य विभाग के विज्ञप्ति के अनुसार, आज राज्य में ओमाइक्रोन वैरिएंट के 31 नए मामले सामने आए हैं। जिनमें से मुंबई के 27, ठाणे-2,  पुणे ग्रामीण और अकोला में 1-1 संक्रमित मिले है। राज्य में अब तक कुल मामलों की संख्या 141 हुई है।

     रविवार को सामने आए 31 मामलों में से 30 में अंतरराष्ट्रीय यात्रा का इतिहास है, वहीँ एक मरीज विदेश से यात्रा से लौटे संक्रमित यात्री के संपर्क में आया था।आज मिले 31 नए मरीजों में 17 पुरुष और 14 महिलाएं हैं। सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में कहा कि छह मरीज 18 साल से कम उम्र के हैं और 3 मरीज 60 साल से अधिक उम्र के हैं। 6 नाबालिग और तीन अन्य को छोड़कर शेष 22 को पूरी तरह से टीका लगाया गया है। वहीं, 29 मरीज स्पर्शोन्मुख हैं, जबकि दो में हल्के लक्षण हैं।

    महाराष्ट्र के 141 मामलों में से 73 मुंबई से, 19 पिंपरी-चिंचवड़ से, 16 पुणे ग्रामीण से, सात पुणे नगर निगम से, पांच सतारा से, पांच उस्मानाबाद से, तीन ठाणे नगर निगम से, दो कल्याण-डोंबिवली से हैं। नागपुर से दो, और लातूर, वसई-विरार, नवी मुंबई, मीरा-भयंदर और अहमदनगर से एक-एक है। 

    राज्य में कोरोना के  1,648  नए मामले

    महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) के 1,648  नए मामले सामने आए हैं, जबकि 17  मरीजों की मौत हो गई। जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 66,57,888 और मृतकों की संख्या 1,41,433 हो गई है। इसके अलावा 918 लोग कोरोना मुक्त होकर घर लौटे हैं।

    राज्य में अब तक  65,02,957 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। राज्य में आज 1,02,045 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई और अब तक 6,84,55,314 नमूनों की जांच हुई है। राज्य में ठीक होने की दर 97.67 प्रतिशत है जबकि मृत्युदर 2.12 प्रतिशत है। राज्य में वर्तमान में 9813 उपचाराधीन मरीज हैं।

    वहीं मुंबई में बीते 24  घंटे में संक्रमण के 896 नए मामले आए, जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7,70,910 हो गई, वहीं संक्रमण से दो लोगों की मौत हुई है जिससे मृतक संख्या बढ़कर 16,370 हो गई है।