मुंबई: मुंबईकरों के लिए एक अच्छी खबर है। रेलवे (Railway) मुंबई (Mumbai) के उपनगरीय खंड में चलने वाली एसी लोकल ट्रेन (Mumbai AC Local Train) सेवाओं का किराया कम करने पर विचार कर रहा है। रेलवे बोर्ड (Railway Board) जल्द ही किराए की कीमतों में कमी करने और अधिक सुविधाएं शुरू करने की संभावना है। एसी लोकल को लोकप्रिय और सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे ने इससे पहले सर्वे भी किया था। इसमें यात्रियों की राय के अलावा एसी लोकल के किराया संरचना में सुधार और एसी लोकल का किराया प्रथम श्रेणी के कितना प्रतिशत ज्यादा होना चाहिए इसे लेकर भी सुझाव मांगा गया था।
एक रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि, “हम एसी लोकल ट्रेनों के संरक्षण को बढ़ाना चाहते हैं क्योंकि नई ट्रेनें एमएमआर के उपनगरीय खंड में आ रही हैं। बहुत सी चीजें विचाराधीन हैं, किराए में कमी उनमें से एक है।” रिपोर्ट में बताया गया है कि, उपनगरीय एसी लोकल ट्रेनों की नई किराया संरचना मुंबई महानगर क्षेत्र द्वारा अंतिम रूप दिए गए मेट्रो किराया संरचना पर आधारित होगा।
लोकल ट्रेन (Local Train) के यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने 22 नवंबर से 8 अतिरिक्त वातानुकूलित एसी सेवाएं (AC Locals) शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इन 8 नई एसी सेवाओं की शुरुआत के साथ एसी ईएमयू सेवाओं की कुल मौजूदा संख्या 12 से बढ़कर 20 हो जाएगी। इन 8 सेवाओं में से 4 सेवाएं अप दिशा और 4 सेवाएं डाउन दिशा में चलाई जाएंगी। इनमें से दो सेवाएं व्यस्त समय में तथा एक-एक प्रत्येक अप और डाउन दिशाओं के लिए होंगी।
बता दें कि, 25 दिसंबर 2017 को पश्चिम रेलवे के चर्चगेट-विरार रूट पर पहली बार एसी लोकल ट्रेन चलाई गई। 12 डिब्बे वाली अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस एसी लोकल से मुंबईकरों को बेहतर यात्रा का एहसास होता रहा है। एसी लोकल का किराया आम लोकल के फर्स्ट क्लास के किराये से करीब 1.3 गुना ज्यादा है।