कोस्टल रोड निर्माण में 1600 करोड़ का घोटाला, विधायक आशीष शेलार ने लगाया आरोप

    Loading

    मुंबई. भाजपा नेता और  विधायक आशीष शेलार (MLA Ashish Shelar) ने एक बार फिर मुंबई (Mumbai) के कोस्टल रोड (Coastal Road) निर्माण में बड़े घोटाले (Scam) का आरोप लगाया है। शेलार ने कहा है कि सत्तारूढ़ शिवसेना (Shiv Sena) और बीएमसी (BMC) अधिकारियों ने कोस्टल रोड में 1600 करोड़ रुपए  का घोटाला किया है। उन्होंने दावा किया है कि मुंबई कोस्टल रोड के निर्माण में घटिया स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। 

    भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में आशीष शेलार ने कहा कि मुंबई महानगरपालिका में सत्तारूढ़ शिवसेना की वजह से भ्रष्टाचार और अनियमितता का बोलबाला है। मुंबई के नागरिकों के साथ लूट हो रहा है। कोस्टल रोड परियोजना में 1 हजार 600 करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार किया गया है। ‘हम ने करके दिखाया’ कहने वाले मुंबई के लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। 

    पहले भी शेलार ने लगाया था आरोप 

    भाजपा नेता और पूर्व मंत्री आशीष शेलार ने  इसके पहले भी कोस्टल रोड परियोजना में 1,000 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। हालांकि आरोप लगाने के कुछ समय बाद ही बीएमसी की तरफ से शेलार के आरोपों को ख़ारिज किया गया था। बीएमसी प्रशासन ने शेलार के आरोपों को तथ्यहीन  और निराधार बताया था। प्रशासन की तरफ से शेलार के आरोपों को ख़ारिज करने के लिए सिलसिलेवार आंकड़े भी दिए गए थे।

     घोटाले का आरोप बेबुनियाद

    बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने कोस्टल रोड परियोजना में लगाए गए घोटाले को एक बार फिर बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि कोस्टल रोड के प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंस्लटेंट और जनरल कंसल्टेंट को दिया जा रहा शुल्क 600 करोड़ का नहीं, बल्कि 229 करोड़ रुपए है। पूरे परियोजना  के तीन चरण में पूरा किया जाना है। एक चरण को  मेसर्स ल्युईस बर्गर कंसल्टिंग प्रा.लि. का कंसल्ट शुल्क 50 करोड़ 52 लाख रुपए है। अक्टूबर 2018 से दिसंबर 2020 की कालावधि पैकेज 1  में कुल कार्य मूल्य 683.82 करोड़ है। 1600 करोड़ का आरोप लगाना गलत है।