मुंबई में 24×7 बस सर्विस, नाइट लाइफ की दिशा में बड़ा कदम

    Loading

    मुंबई:  बीएमसी चुनावों के मद्देनजर अब मुंबईकरों (Mumbaikars) को  24×7  घंटे बेस्ट की सर्विस मिलने वाली है। मुंबई (Mumbai) की नाइट लाइफ (Night Life) की दिशा में इस घोषणा को बड़ा कदम माना जा रहा है। चौबीसों घंटे जगने वाली मुंबई में अब परिवहन सेवा भी उसी तरह की मिलने वाली है। पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। यह निर्णय बीएमसी चुनाव में शिवसेना को फायदा पहुंचा सकता है। 

    मुंबई में नाइट लाइफ की संकल्पना भी आदित्य ठाकरे ने की थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुंबई 24 घंटे काम करने वाला शहर है। इसलिए यहां आवागमन की सुविधा भी अब 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। देर रात तक काम करने वाले मुंबईकरों को सुरक्षित और सस्ते दर पर ट्रांसपोर्ट की सुविधा की जरुरत थी, जिसे बेस्ट बस सेवा के माध्यम से शुरु किया जा रहा है। 

     मुंबईकरों को मिलेगी राहत 

    मुंबई में सस्ते आवागमन की सुविधा वाली  लोकल ट्रेन, के  बाद बेस्ट ही दूसरी सेवा है जिसका न्यूनतम किराया 6 रुपए है। मेट्रो मुंबई में अभी केवल एक मार्ग पर चल रही है। रात के समय लोकल ट्रेन बंद होने से लोगों प्लेटफार्म पर ही रात गुजारनी पड़ती है। जबकि रात 1 बजे के बाद बेस्ट की बसें कुछ मार्गों पर एक दो घंटे के अंतराल पर ही चलाई जाती हैं। रात में सफर के लिए टैक्सी सेवा हमेशा उपलब्ध होता हैस लेकिन उसका भी किराया रात में बहुत महंगा हो जाता है। मुंबई को विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए ठाकरे का यह निर्णय रात में काम करने वाले मुंबईकरों को राहत देने वाली हो सकती है।

    बेस्ट की बसें हो रही इलेक्ट्रिक

    मुंबई डीजल से चलने वाली बसों में बदलाव का दौर चल रहा है। बेस्ट डीजल बसों के बदले ई-बस ला रही है जिसमे अधिकांशतया एसी बसें हैं। अभी हाल ही में पास किए गए बेस्ट बजट में कहा गया है कि मुंबई में आगामी आने वाली सभी बसें इलेक्ट्रिक पर आधारित होंगी। इससे पर्यावरण को होने वाले नुकसान को भी कम किया जा सकता है।

    बेस्ट के बेडे में 2100 ई-बसें

    बेस्ट बेडे में 2100 ई बसें शामिल की जाने वाली हैं। 1400 एक मंजिली एसी बस, 400 मिडी एसी बस,100 मीनी एसी बस, 200 ई डबल डेकर बस चालक सहित लेने की योजना बनायी गई है। वर्ष  2023 तक बेस्ट की 50 प्रतिशत बसें इलेक्ट्रिक में तब्दील कर  जाएंगी। जबकि 2027 तक 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक करने का लक्ष्य है।

    बेस्ट लेडीज स्पेशल

    अगले वित्तीय वर्ष में बेस्ट उपक्रम महिलाओं के लिए विशेष बस सेवाएं शुरू करने के अलावा आपात स्थिति में मदद के लिए एक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया जाएगा। इसके लिए बेस्ट के 2022-23 के बजट में विशेष प्रावधान किया गया है। विभिन्न कंपनियों, कॉल सेंटर और स्कूलों की मांग के अनुसार बेस्ट की बसें प्रदान की जाएंगी।