corona
File Photo

    Loading

    मुंबई. मुंबई (Mumbai) में कोरोना (Corona) की तीसरी लहर (Third Wave) का खतरा कायम है, लेकिन अच्छी बात यह है कि मुंबई के लगभग 89 फीसदी कोविड बेड्स (Covid Beds) रिक्त पड़े हैं। कोरोना महामारी के प्रवेश के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि शहर में इतनी बड़ी संख्या में बेड्स रिक्त पड़े हैं। विगत एक सप्ताह से मुंबई में कोविड के रोजाना 400 से 500 मरीज मिल रहे हैं, लेकिन अच्छी बात यह है कि मरीज रिकवर भी हो रहे हैं। यही कारण है कि एक्टिव मरीजों की संख्या में वृद्धि के बावजूद शहर में कोविड मरीजों के लिए आरक्षित 89 फीसदी बेड्स रिक्त पड़े है। वहीं पिछले 24 घंटे में मुंबई में कोरोना के 446 नए मरीज मिले हैं।

    मुंबई के अस्पतालों में कुल 16207 कोविड बेड्स हैं, जिसमें से 1739 पर मरीजों का उपचार चल रहा है। जबकि 14468 बेड्स रिक्त पड़े हैं। आईसीयू बेड्स हो या वेंटिलेटर या फिर ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड्स सभी रिक्त पड़े हैं। अतिरिक्त बीएमसी आयुक्त सुरेश काकानी ने बताया कि कोरोना के केसेस अब भी उतने नहीं आ रहे हैं जितने का अनुमान लगाया गया है। हम सब यही चाहते कि मामलों में वृद्धि न हो, लेकिन यदि मामले बढ़ते तो हमें तैयार रहना है। एक्टिव बेड्स के अलावा कई बेड्स हमने रिज़र्व में भी रखें है। हमें अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए कोविड नियमों का पालन करना चाहिए। इसके लिए मास्क पहने, खुद को सेनिटाइज करें और सोशल डिस्टनसिंग के नियम का पालन करें।

    ऑक्सीजन, आईसीयू और  वेंटिलेटर की स्थिति

    मुंबई में 8287 ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड्स हैं, जिसमें से 7579 बेड्स रिक्त पड़े हैं। कुल 2204 आईसीयू बेड्स में से 1680 बेड्स रिक्त पड़े हैं। कुल 1285 वेंटिलेटर सपोर्टेड बेड्स में से 916 बेड्स रिक्त पड़े हैं। उक्त आंकड़े बताते हैं कि अस्पतालों पर फिलहाल मरीजों का प्रेशर नहीं हैं।

    375 क्रिटिकल मरीज

    मुंबई में 22 सितंबर तक 4706 एक्टिव मरीज थे, इसमें से 2024 मरीज में कोई लक्षण नहीं थे, जबकि 2307 में कोविड के लक्षण थे और 375 मरीज क्रिटिकल थे।

     

    राज्य में 38,491 एक्टिव मरीज 

    मुंबई में शुक्रवार को टेस्टिंग की संख्या में गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में 36536 टेस्टिंग की गई, जिसमें से 446 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। राज्य में शुक्रवार को 3286 नए कोरोना मरीज मिले हैं। पिछले 24 घंटों में 51 कोरोना ग्रसितों ने दम तोड़ा है, जिसमें से 6 लोग मुंबई से हैं। राज्य में 38,491 एक्टिव मरीज हैं, जिसमें से 4809 एक्टिव मरीज मुंबई में हैं।

    मुंबई के आंकड़े

    • कुल टेस्ट- 101,36,863
    • कुल पॉजिटिव केस- 740307
    • कुल मौत- 16074
    • कुल ठीक हुए- 716941
    • डबलिंग रेट- 1187 दिन
    • चाल/ स्लम सील- 1
    • इमारतें सील- 50

    राज्य के आंकड़े

    • कुल टेस्ट- 5,78,19,385
    • कुल पॉजिटिव केस- 65,37,843
    • कुल मौत- 138776
    • कुल ठीक हुए- 63,57,012