AC Local Train

    Loading

    मुंबई: पश्चिम रेलवे पर एसी लोकल ट्रेन को मिल रहे यात्रियों के प्रतिसाद को देखते हुए जल्द ही एसी लोकल ट्रेन की फेरियों को बढ़ाने का निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ लोकल ट्रेनों और अन्य ट्रेनों के संचालन में आसानी हो इसके लिए खार से गोरेगांव और गोरेगांव से बोरीवली (Goregaon to Borivali) 6ठी लाइन का काम 2024 तक हो जाएगा। उक्त जानकारी पश्चिम रेलवे (Western Railway) के जीएम अशोक कुमार मिश्र (GM Ashok Kumar Mishra) ने दी।

    शुक्रवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए जीएम मिश्र ने कहा कि मुंबई की जीवनरेखा कही जाने वाली लोकल सेवाओं के अपग्रेडेशन का पूरा प्रयास हो रहा है। इस दौरान पश्चिम रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

    जल्द मिलेंगे एसी के 2 रेक

    जीएम ए.के. मिश्र ने कहा कि पश्चिम रेलवे को एसी लोकल ट्रेन के दो रेक जल्द ही प्राप्त करने का प्रयास हो रहा है। एक रेक रिजर्व होना चाहिए ताकि कोई समस्या आने पर उसका उपयोग हो सके। इस समय एसी लोकल की 79 सर्विस चल रही हैं। जीएम ने कहा कि अंधेरी से विरार तक प्लेटफ़ॉर्म की लंबाई बढ़ाने का काम हो गया हैं। 15 डिब्बे की लोकल ट्रेन की सर्विस भी 106 तक बढ़ाई गई हैं।

    हार्बर लाइन बोरीवली तक

    जीएम के अनुसार, हार्बर लाइन को भी बोरीवली तक बढ़ाने के काम के लिए कंसल्टेंट्स टेंडर जारी कर दिया गया है। यह प्रोजेक्ट एमयूटीपी-3 के तहत होना है। इस पर 825.31 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा जोगेश्वरी में नया टर्मिनस बनाने के लिए भी टेंडर प्रक्रिया शुरू है। इस पर 68.99 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अंधेरी स्थित गोखले ब्रिज के लिए भी टेंडर जारी हो गया है। वैसे ब्रिज को तोड़ने का काम मार्च 2023 तक कर लिया जाएगा।

    बढ़ी आत्महत्या की घटनाएं

    लोकल के आगे कूदकर आत्महत्या किए जाने की घटनाओं में बढ़ोतरी पर जीएम ने चिंता व्यक्त की। आरपीएफ के आईजी पी.सी. सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष 2022 में अब तक 18 घटनाएं हो गई हैं, जबकि 2021 में 11 घटनाएं हुईं थी। उसके पहले 8 और 2019 में 5 घटनाएं हुईं। इस तरह की घटनाओं से लोकल के संचालन में कई तरह की समस्या आती रहीं हैं।

    कई स्टेशनों की रिडेवलपमेंट  

    जीएम अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि पश्चिम रेलवे पर सूरत, उधना, अहमदाबाद, साबरमती, न्यू भुज, सोमनाथ सहित कई स्टेशनों का रिडेवलपमेंट किया जा रहा है। ट्रेनों की गति बढ़ाने और सुचारू संचालन के लिए पश्चिम रेलवे पर मिशन हमसफ़र और कवच परियोजना की जानकारी भी जीएम मिश्र ने दी।