-fadanavis

    Loading

    मुंबई: राज्य में जहां एक तरफ राजनीतिक उहापोह की स्थिति है, वहीं दूसरी तरफ अतिवृष्टि की वजह विदर्भ सहित अन्य क्षेत्रों के लोग बाढ़ (Flood) की विभीषिका से परेशान हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) दिल्ली दौरे पर हैं, जबकि उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis) बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित लोगों को ढ़ाढस देने के कार्य में जुटे हुए हैं।

    देवेंद्र फडणवीस ने वर्धा  जिले हिंगणघाट और समुद्र्पुर  क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान  उन्होंने किसानों की हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। वर्धा जिले के सभी तालुकाओं में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। रात के समय अतिवृष्टि की वजह से कई गांवों में पानी भर गया है। 

    जनजीवन प्रभावित हुआ 

    विदर्भ के वर्धा ही नहीं, नागपुर सहित अन्य जिलों में भारी बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद फडणवीस ने  कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को निकालने का काम जारी है। पानी भर जाने से  खेती को भी काफी नुकसान हुआ है। लेंडी नाला और लाडकी नदी में बाढ़ आने से गांव में पानी भर गया।  रात से ही पानी घर में घुसने लगा, इसलिए लोग घर के ऊंचे स्थान पर गए और अपने आप को सुरक्षित रखा। इससे पहले 9 जुलाई को हुई बारिश के कारण भी  इसी तरह की परिस्थिति पैदा हुई थी।

    फडणवीस ने नुकसान का जायजा लिया

    उप मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया गया कि वर्धा जिले के समुद्र्पुर तालुका अंतर्गत खेडगांव में नाला का पानी भरने से बाढ़ आ गयी और खेती को बहुत नुकसान हुआ। उप मुख्यमंत्री फडणवीस ने पीड़ित किसानों से मुलाकात कर उनके नुकसान का जायजा लिया। फडणवीस ने किसानों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार किसानों के पीछे मजबूती से खड़ी है। अधिक से अधिक मदद की जाएगी।