Mumbai Metro Line 2A

    Loading

    मुंबई: पश्चिमी उपनगर दहिसर (Dahisar) और डीएन नगर (DN Nagar) के बीच मुंबई मेट्रो लाइन 2 ए (Mumbai Metro Line 2A) का काम अंतिम चरण में है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने मेट्रो 2A के 18.5 कि.मी. लाइन का ट्रैक सरफेस पूरा कर लिया है। डीएन नगर-लिंक रोड-दहिसर रूट पर ट्रैक बिछाने का काम हो रहा है। इसके साथ एमएमआरडीए (MMRDA) 11.81 करोड़ रुपए की लागत से दहिसर और डीएन नगर के बीच मेट्रो लाइन 2ए का सौंदर्यीकरण करेगा।

    प्रस्तावित परियोजना को दो भागों में विभाजित किया गया है,जिसमें पहला दहिसर और दहानूरकरवाड़ी के बीच है। मेट्रो लाइन के नीचे लिंक रोड के साथ  कोरीडोर के मध्य सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। पहले खंड की अनुमानित लागत लगभग 5.24 करोड़ रुपए आंकी गई है, जबकि दहानूरकरवाड़ी और डीएन नगर के बीच शेष खंड के लिए 6।56 करोड़ रुपए खर्च होंगे। एमएमआरडीए के अनुसार उक्त कार्य को करने के लिए अनुबंध की अवधि 16 माह (विकास के लिए 4 माह और रखरखाव के लिए 12 माह) की होगी। इच्छुक एजेंसियां को 3 जनवरी 2022 तक निविदा जमा कर सकती हैं।

    2022 में खोलने की तैयारी

    एमएमआरडीए अधिकारियों के अनुसार मेट्रो 2 ए का पहला चरण इसी साल दिसंबर तक खोलने का लक्ष्य था, परंतु कुछ समय और लग सकता है। वैसे फरवरी  2022 में होने वाले बीएमसी चुनाव के पहले उद्धव सरकार इस मेट्रो का पहला चरण खोलना चाहती है। मेट्रो 2 ए परियोजना को दो चरणों में विभाजित किया गया है। जनवरी तक दहानूरकरवाड़ी-दहिसर से आरे मेट्रो स्टेशन के बीच सेवा शुरू करने का लक्ष्य है।

    ट्रायल जारी

    12 हजार करोड़ की परियोजना वाली मेट्रो लाइन 2 ए और 7 के पहले चरण का ट्रायल रन चल रहा है। वैसे एमएमआरडीए को दिसंबर 2020 में इस खंड पर  परिचालन शुरू करना था, लेकिन कोविड, लॉकडाउन और अन्य कारणों की वजह से काम प्रभावित हुआ। मेट्रो स्टेशनों का सिविल कार्य जारी हैं।