HIGHWAY

    Loading

    मुंबई: मुंबई शहर (Mumbai City) सहित पूरे राज्य में सड़कों (Roads) पर गड्ढे ही गड्ढे (Potholes) हैं। राष्ट्रीय और राज्य महामार्गों गड्ढों की वजह से लोगों को भारी ट्रैफिक जाम (Traffic Jam) से जूझना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं में नागरिकों को अपनी जान भी गंवानी पड़ रही है। गणेशोत्सव (Ganeshotsav) में कोंकण जाने वालों को अलग ही भय सता रहा है। हालांकि राज्य के सार्वजनिक निर्माण मंत्री रविंद्र चव्हाण ने कहा है कि गणेशोत्सव के पहले मुंबई-गोवा हाईवे पर बने सभी गड्ढों को भर दिया जाएगा। उन्होंने वर्ष 2023 के अंत तक मुंबई-गोवा हाइवे का निर्माण कार्य पूरा करने का भी दावा किया है। 

    शिवसेना के मुख्य सचेतक सुनील प्रभु ने विधानसभा में सड़कों पर बने गड्ढों की वजह से नागरिकों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मुंबई-गोवा हाईवे, ठाणे से बेलापुर मार्ग पर बड़ी संख्या में गड्ढे बन गए हैं।  इसकी वजह से दुर्घटनायें भी हो रही हैं, जिसमें  यात्रियों की जान भी जा रही हैं।  

    गोवा हाईवे का काम पिछले 12 साल से ठप 

     विधानसभा में चर्चा के दौरान कहा गया कि मुंबई गोवा हाईवे का काम पिछले 12 साल से ठप है।  इस हाईवे का 10 चरणों में पूरा किया जाना था।  9 चरणों का काम राज्य के सार्वजनिक निर्माण विभाग को सौंपा गया था, जबकि पनवेल से इंदापुर तक फेज वन का काम नेशनल हाईवे को करना था। कहा गया कि यह देश का इकलौता हाईवे है जिसका काम 12 साल बीत जाने के बावजूद पूरा नहीं हो सका है। शिवसेना विधायक भास्कर जाधव ने कहा कि गणेशोत्सव का त्यौहार आ रहा है और कोंकण जाने वाले यात्रियों को इन गड्ढों की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।  इसलिए  इस हाईवे पर बने गड्ढों को जल्द से जल्द भरा जाना चाहिए।