Prasad Lad

    Loading

    मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के मन की बात (Mann Ki Baat) जन-जन तक पहुंचाने के लिए बीजेपी (BJP) ने बूथ और शक्ति केंद्रों पर स्क्रीन (Screens) लगाकर कार्यक्रम करने की तैयारी की है। भाजपा ने इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी फंड भी जमा करने की योजना तैयार की है। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य प्रसाद लाड (Prasad Lad) ने दी। 

    भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में  प्रसाद लाड ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 3 अक्टूबर 2014 से हर महीने के आखिरी रविवार को मन की बात कहते हैं। 30 जनवरी को  सुबह साढ़े ग्यारह बजे मन की बात कहने वाले हैं। जिसे प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने का निर्णय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने लिया है। इसके लिए राज्य स्तरीय आयोजन समिति का गठन किया गया है।  

    प्रवीण घुगे को बनाया गया समिति का संयोजक

    प्रवीण घुगे को समिति का संयोजक बनाया गया है। जबकि संजय कुटे, राजेश बकाने, इदरीस मुल्तानी, चैतन्य देशमुख, बबनराव चौधरी, बालासाहेब सनप, प्रमोद जथर, संदीप लेले, अमित गोरखे, प्रतीक करपे को इस समिति में शामिल किया गया है। राज्य में 90 हजार बूथ एवं 17 हजार शक्ति केंद्र हैं। इसमें से 75 हजार स्थानों पर कार्यक्रम किया जाना है। 

    पार्टी के लिए चंदा भी जमा किया जाएगा

    विधान परिषद सदस्य लाड ने बताया कि कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं से एक हजार से पांच हजार रुपए तक पार्टी के लिए चंदा भी जमा किया जाएगा। जिससे पार्टी का काम सुचारू रुप से चल सके। लाड ने किराना दुकानों और सुपर स्टोर में वाइन की बिक्री किए जाने को लेकर राज्य की आघाड़ी सरकार की आलोचना की है।