ravi raja

    Loading

    मुंबई: मुंबई महानगरपालिका चुनावों (Mumbai Municipal Election) के लिए आरक्षित वार्डों की लॉटरी निकाली गयी। लॉटरी में कई  दिग्गजों के वार्ड आरक्षण (Reservations) की भेंट चढ़ गए हैं। जिसको लेकर बीएमसी (BMC) में विपक्ष के नेता रहे रवि राजा (Ravi Raja) ने महानगरपालिका कमिश्नर इकबाल सिंह चहल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कमिश्नर ने मुंबई में कांग्रेस को खत्म करने की सुपारी ली है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस आरक्षण में बदलाव को कोर्ट में चुनौती देगा।  

    कांग्रेस के रवि राजा पिछले 30 साल से नगरसेवक हैं। अशरफ आज़मी और कुछ अन्य नगरसेवकों के वार्डों का आरक्षण बदल गया है। रवि राजा ने कहा है कि वार्ड पुनर्गठन में कांग्रेस के वार्डों को जान-बूझकर निशाना बनाया गया है। यह हमारे ध्यान में तब आया जब पहली और दूसरी बार वार्डों के पुनर्गठन की घोषणा की गई।  

    बीएमसी कमिश्नर पर मनमाने फैसले लेने का आरोप

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा कमिश्नर के मनमाने आचरण का विरोध किया है। कमिश्नर के प्रशासक के रूप में नियुक्त होने के बाद भी उनकी मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। वे गुपचुप तरीके से अहम फैसले ले रहे हैं। हमने कई प्रस्तावों का विरोध किया। उसका बदला कमिश्नर ने लिया है। रवि राजा ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस आरक्षण में बदलाव को कोर्ट में चुनौती देगी।