chhath puja

    Loading

    मुंबई: पवित्रता और आस्था का लोकपर्व छठ पूजा (Chhath Puja) का आयोजन मुंबई शहर (Mumbai City) और उपनगरों में किया गया। छठ व्रतियों ने बुधवार को पहला अर्घ्य डूबते सूर्य को दिया। कोरोना (Corona) की वजह से इस साल बार मुंबई महानगरपालिका (Mumbai Municipal Corporation) ने प्राकृतिक जलाशयों और समुद्र तट पर कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति नही दी थी। मैदानों में कृत्रिम तालाब बनाए गए थे। जहां पर लोगों का हुजूम देखने को मिला। लोग यह भी कह रहे थे कि कोरोना पर आस्था भारी पड़ गयी।

     पिछले वर्ष कोरोना का प्रकोप अधिक था, अधिकतर लोग अपने गांव चले गए थे। जो यहां थे वे अपने घरों में छठ पूजा किये थे, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर थमने के बाद सरकार ने एहतियात बरतते हुए छठ पूजा की इजाजत दी थी।

    श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी

    बीएमसी की तरफ से उपनगरों में अलग-अलग स्थानों पर कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं। बुधवार को शाम छठ गीत गाते हुए घर से निकली व्रती महिलाओं ने कृत्रिम तालाब में खड़े होकर डूबते (अस्ताचलगामी) सूर्य को अर्घ्य दिया। सूरज ढलने से एक घंटा पहले ही व्रतियों के परिजन अपने-अपने घरों से पूजा सामग्री को सिर पर रखकर निकले। जहां कहीं भी कृत्रिम तालाब बनाये गए थे। वहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी।

    घरों में की पूजा और आराधना

    कोरोना वायरस को लेकर बहुत से छठ व्रतियों ने अपने घरों में ही तालाबनुमा पानी संचय की व्यवस्था कर अर्घ्य दिया। छठ महापर्व चार दिनों तक उपवास के साथ कठिन नियम और संयम में रहना होता है।  बहुत से छठ व्रती महिलाएं अपने  घरों में ही छठी मइया का पूजा और आराधना करते दिखी। छठ पर्व के चार दिवसीय इस अनुष्ठान के अंतिम दिन गुरुवार को व्रतधारी सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे और इसी के साथ छठ पूजा का समापन हो जाएगा।

     राजनीतिक दलों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया

    छठ पूजा के कार्यक्रम में राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। कांदिवली के लोखंडवाला कांप्लेक्स स्थित विलासराव देशमुख मैदान में उत्तर मुंबई कांग्रेस कार्याध्यक्ष राजपति यादव के नेतृत्व में छठ पूजा का आयोजन किया गया। जिसमें मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप, कार्याध्यक्ष चरण सिंह सप्रा, उपाध्यक्ष शिवजी सिंह, अशोक सुत्राले, दीपक शर्मा, मुंबई महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अजंता यादव जिलाध्यक्ष कालूभाई बुधलिया सहित अन्य लोग मौजूद थे। भाजपा नगरसेवक शिवकुमार झा की तरफ से पोयसर और ठाकुर कांप्लेक्स में 12 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया गया। महानगरपालिका में भाजपा के उप गुट नेता कमलेश यादव के नेतृत्व में एकता नगर, गणेश नगर में छठ पूजा का का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी सहित अन्य लोग शामिल हुए।

    नालासोपारा के तालाबों पर छठ पूजन

    इस बीच, सूर्य उपासना एवं आस्था का पर्व छठ पूजा बुधवार को उत्तर भारतीय बहुल नालासोपारा में मनाया गया। नालासोपारा सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश दुबे  ने बताया कि कोविड संक्रमण के मद्देनजर वसई-विरार महानगरपालिका द्वारा जारी निर्देशों के तहत छठ पूजन कार्यक्रम किया गया। डॉ. दुबे के अनुसार आचोले तालाब, गालानगर,नागेला तालाब  और नया नगर मोरेगांव तालाब परिसर में नालासोपारा सेवा समिति द्वारा छठ पूजन कार्यक्रम हुआ, परंतु भक्ति संगीत आदि सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। डॉ. ओमप्रकाश दुबे के अनुसार, सभी भक्तगण सरकार द्वारा निर्देशित नियमों का पालन कर छठ पूजा में शामिल हो रहे हैं। गुरुवार को भी उगते सूर्य को अर्ध्य दिया जाएगा।