Congress President Election

    Loading

    मुंबई: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष (Congress President Election) पद के लिए सोमवार को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (Maharashtra Pradesh Congress Committee) के मुख्यालय तिलक भवन (Tilak Bhawan) और मुंबई कांग्रेस के आजाद मैदान स्थित कार्यालय में नेताओं ने मतदान किया। प्रदेश कांग्रेस के 561 मतदाताओं (Voters) में से 542 यानी 96% सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस मतदान में पोस्टल वोटिंग (Postal Voting) भी शामिल है।

    प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय के तीन बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच मतदान हुआ। यह चुनाव राज्य चुनाव रिटर्निंग ऑफिसर पूर्व केंद्रीय मंत्री पल्लम राजू, सहायक चुनाव रिटर्निंग ऑफिसर दिनेश कुमार, नरेंद्र रावत और  कृष्णा पूनिया की देखरेख में संपन्न हुआ।

    पोस्टल मतपत्र से भी हुआ मतदान 

    महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले, कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात, पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चव्हाण, अशोक चव्हाण ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। काफी वृद्ध होने के बावजूद वरिष्ठ नेता रणजीत देशमुख खास तौर से मतदान के लिए पहुंचे। चूंकि कुछ क्षेत्रीय प्रतिनिधि भारत जोड़ो यात्रा में भाग ले रहे थे। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा शिविर मतदान केंद्र पर मतदान किया। नागपुर जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अध्यक्ष के चुनाव क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने पोस्टल मतपत्र के माध्यम से मतदान किया।

    19 अक्टूबर को वोटों की गिनती 

    कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है।  मतदान के बाद पोलिंग एजेंट, राज्य चुनाव अधिकारी और  सहायक चुनाव अधिकारी की मौजूदगी में मत पेटियों को सील कर दिल्ली रवाना कर  दिया गया। दिल्ली में 19 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा।  

    मुंबई कांग्रेस में  97% मतदान

    कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए मुंबई कांग्रेस के राजीव गांधी भवन में  प्रमुख नेताओं ने मतदान किया।  मुंबई कांग्रेस के 237 क्षेत्रीय प्रतिनिधियों में से 229 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम ने पंजाब के एक बूथ पर मतदान किया, जबकि कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस की नेता डिसूजा और सचिन राव ने मतदान किया। 8 प्रतिनिधि व्यक्तिगत कारणों से अनुपस्थित रहने के कारण मतदान नहीं कर सके। मतदान करने वालों में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप, पूर्व मंत्री नसीम खान और मिलिंद देवड़ा समेत कई नेता शामिल थे।