Vijay Vadettiwar
File Photo

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) में पश्चिम बंगाल के पैटर्न (West Bengal Pattern) पर लॉकडाउन (Lockdown) लगाया जा सकता है। इस बात की जानकारी मदद और पुनर्वसन मंत्री विजय वडेट्टीवार (Vijay Wadettiwar) ने दी है। उन्होंने कहा कि इसके तहत सबसे पहले स्कूल-कॉलेज को बंद करने के बारे में फैसला लिया गया। 

    वडेट्टीवार ने कहा कि विकल्प के तौर जिन इलाकों में कोरोना संक्रमण की दर ज्यादा है, वहां कंटेनमेंट जोन घोषित कर  प्रवेश बंदी पर रोक लगाई जाएगी। वहीँ भीड़-भाड़ वाले इलाकों में कोरोना नियमों के पालन के लिए सख्ती से कदम उठाए जाएंगे।

    सीएम लेंगे मुंबई लोकल पर फैसला

    मंत्री वडेट्टीवार ने कहा कि मुंबई लोकल की भीड़ को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर हैं। ऐसे में वे इस बारे में कैबिनेट और टास्क फोर्स की बैठक के बाद अंतिम फैसला लेंगे। मुंबई लोकल की भीड़ कोरोना संक्रमण की एक बड़ी वजह मानी जाती है। फिलहाल कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लेने वालों को लोकल में सफ़र करने की अनुमति है। इसके बावजूद लोकल में लोगों की ज्यादा भीड़ देखी जा रही है।

     मॉल, सिनेमा घरों और धार्मिक स्थलों पर हो सकती है बंदी

    मुंबई में कक्षा 1 से 9 के स्कूलों को 31 जनवरी तक बंद किए जाने की घोषणा के बाद अब मॉल, सिनेमा घरों और धार्मिक स्थलों की बारी आ सकती है। सूत्रों के मुताबिक़, कोरोना संक्रमण के मामलों में इजाफे का क्रम इसी तरह जारी रहा तो सरकार गैर आवश्यक सेवाओं को बंद करने पर सबसे पहले विचार कर सकती है।  

    महाराष्ट्र इस तरह लगेगा लॉकडाउन  

    स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि कोरोना संक्रमण को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के साथ उनकी बैठक हुई है। उन्होंने कहा कि हर राज्य में लॉकडाउन के मापदंड अलग-अलग होंगे। टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र में बेडऑक्यूपेंसी और ऑक्सीजन की खपत अहम होगी। उन्होंने कहा कि अगर अस्पतालों में 40 फीसदी बेड ऑक्युपाय हो चुके हों और हर रोज ऑक्सीजन की खपत 700 मीट्रिक टन होती है तो ऑटो मोड में लॉकडाउन लग जाएगा।