mumbai corona

    Loading

    नई दिल्ली/मुंबई. जहाँ एक तरफ कोरोना (Corona) ने देश (India) में भयंकर ग़दर मचाया हुआ है।वहीं इस महामारी के दंश से सबसे ज्यादा महाराष्ट्र (Maharashtra) ही घायल हुआ है। गौरतलब है महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में भयंकर बढ़ोत्तरी हो रही है। इसी तरह राज्य में बीते 24 घंटे में 46 हजार 197 नए मरीज मिले और 37 संक्रमितों की मौत हो गई है।

    क्या हैं मुंबई के हाल 

    बात अगर मुंबई (Mumbai) की हो तो यहाँ कोरोना के मामले अब कम होने शुरू हो गए हैं। जो आंकड़े पिछले कुछ दिनों से 6 से 7 हजार के बीच रहे थे, अब गुरुवार को वो आंकड़ा 5708 दर्ज किया गया है। अब मामले तो पहले की तुलना में कम हो रहे हैं लेकिन मौत का ग्राफ अभी भी ज्यादा है। बीते 24 घंटे में मुंबई में 12 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। लेकिन अब यहाँ कम मामले राहत दे सकते हैं।

    लेकिन मुंबई में टेस्टिंग भी काफी कम हो चुकी  है। बीते गुरुवार के आंकड़े बताते हैं कि सिर्फ 53,203 लोगों के ही कोविड टेस्ट किए गए हैं।इसके अलावा 15,440 लोग इस खतरनाक वायरस से उबरे हैं। इसी के साथ शहर में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 9,82,425 और मृतकों की संख्या 16,500 हो गई है। फिलहाल शहर में 22,103 एक्टिव मरीज हैं।

    महाराष्ट्र में पॉजिटिविटी रेट सुधरा 

    इसी बीच महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बीते गुरुवार को दलील दी कि, महाराष्ट्र में पॉजिटिविटी रेट 23.5% है। लेकिन रायगढ़, पुणे, नासिक, नांदेड़ जैसे जिलों में पॉजिटिविटी रेट बहुत अधिक है। हालांकि, हाई पॉजिटिविटी रेट के बावजूद, अस्पताल में भर्ती होने का रेट बहुत कम है और राज्य में 95% बेड खाली हैं।

    फिर खुलेंगे  स्कूल 

    इधर अब इन सुधरते हालात के बीच राज्य सरकार ने एक बार स्कूल खोलने को लेकर बड़ा फैसला किया है। ऐसी भी खबर है कि मुंबई में आगामी 27 जनवरी से स्कूल खोले जा सकते हैं। हालाँकि पहले इन्हें फरवरी तक बंद करने का ऐलान हुआ था। लेकिन अब क्योंकि मामले कम हो रहे हैं तो एक बार फिर स्कूल खोलने की तैयारी है।