बीएमसी-बेस्ट कर्मचारियों  की दिवाली होगी मीठी,  मिलेगा 20 हजार बोनस- मुख्यमंत्री ने की घोषणा

    Loading

    मुंबई: बेस्ट कर्मचारियों (BEST Employees) की दीवाली (Diwali) इस बार ‘बेस्ट’ होने वाली है। बेस्ट कर्मचारियों ने बीएमसी कर्मचारियों (BMC Employees) के समान दिवाली बोनस (Diwali Bonus) दिया जाने की मांग की थी।  महापौर किशोरी पेडणेकर, बेस्ट चेयरमैन आशीष चेंबूरकर और अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Chief Minister Uddhav Thackeray) ने  बोनस देने की घोषणा की। इस वर्ष  बीएमसी और बेस्ट कर्मचारियों को 20-20 हजार रुपए बोनस दिया जाएगा।  महापौर किशोरी पेडणेकर के साथ बेस्ट कामगार यूनियन पदाधिकारियों की बैठक हुई थी।  ‘बेस्ट’ कामगार सेना के अध्यक्ष सुहास सामंत को महापौर ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से चर्चा के बाद जल्द ही उचित निर्णय की घोषणा की जाएगी। उसी आधार पर अब बोनस की घोषणा की गई है।

     बेस्ट कर्मचारियों ने बीएमसी जितना बोनस की घोषणा होने पर खुशी जताई है। बीएमसी और बेस्ट यूनियन के पदाधिकारियों ने 4500 रुपए बोनस वृद्धि करने पर मुख्यमंत्री और बीएमसी कमिश्नर आभार व्यक्त किया है। एड. देवदास ने कहा कि हमें 22 हजार रुपए की अपेक्षा थी, लेकिन जितना मिला उससे खुशी है। कांट्रेक्ट कर्मचारियों को भी कुछ बोनस मिले इसको लेकर हम प्रयत्न कर रहे हैं।

    पिछले साल बीएमसी कर्मचारियों को 15,500 रुपए बोनस मिला था 

    पिछले साल मुख्यमंत्री की मध्यस्थता के बाद बीएमसी के 1 लाख 11 हजार कर्मचारियों को 15,500 रुपए का बोनस मिला था। लगभग 34,000  बेस्ट कर्मचारियों को 10,100 रुपए का बोनस दिया गया था।  

    इस वर्ष  इतना मिलेगा बोनस

    बीएमसी कर्मचारी  ₹20,000
    बेस्ट कर्मचारी  ₹20,000
    शिक्षक वर्ग    ₹10,000
    स्वास्थ्य कर्मचारी  ₹5300
    शिक्षण सेवक  ₹2800
    पार्ट टाइम वर्कर  ₹2800