Efficient public transport is the solution to the traffic problem CM Uddhav Thackeray

    Loading

    मुंबई : मुंबई-एमएमआर (Mumbai-MMR) की तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए सक्षम सार्वजनिक परिवहन (Public Transport) प्रणाली ही यातायात समस्या का हल हो सकता है। यह बात मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (CM Uddhav Thackeray) ने कही। मुंबई सहित एमएमआर की परिवहन व्यवस्था पर एमएमआरडीए (MMRDA) द्वारा तैयार की गई कॉम्प्रिहेंसिव ट्रांसपोर्टेशन स्टडी रिपोर्ट जारी की गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि यातायात सुविधाओं का विकास पर्यावरण (Environment) से समतोल बनाते हुए किया जाना चाहिए। 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि एमएमआरडीए ने व्यापक दृष्टिकोण अपनाते हुए अगले 20 साल की रिपोर्ट तैयार की है। इस पर इस क्षेत्र से जुड़े लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर निर्णय होना चाहिए। सीएम ने कहा कि आज आस्ट्रेलिया की पूरी आबादी के बराबर मुंबई एमएमआर की आबादी हो गई है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि एमएमआरडीए के काम में और तेजी लाने के लिए राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी।

    राज्य भर में अच्छी सड़कों को प्राथमिकता: एकनाथ शिंदे

    नगरविकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि एमएमआर में परिवहन विकास के लिए तेजी से काम हो रहा है। शिंदे ने कहा कि वर्ष 2026 तक मेट्रो का अधिकांश काम हो जाएगा। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को सक्षम बनाने का काम सरकार कर रही है। शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने संयुक्त राज्य अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारी सड़कें हमारी असली संपत्ति है। न केवल मुंबई एमएमआर बल्कि राज्य के सभी हिस्सों में अच्छी सड़कों को प्राथमिकता दी गई है। शिंदे ने मुंबई नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे को राज्य में विकास के लिए गेम चेंजर बताया।

    पर्यावरण अनुकूल हों वाहन: आदित्य ठाकरे 

    कार्य्रक्रम में उपस्थित पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि आज मुंबई में बेस्ट 3500 बसें हैं, लेकिन बढ़ती आबादी को देखते हुए जब 10000 बसें चलने लगेंगी। इसके अलावा इलेक्ट्रिक या किसी अन्य पर्यावरण के अनुकूल वाहनों  का उपयोग करना होगा। आदित्य ठाकरे ने कहा कि एमएमआरडीए लगातार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने का कार्य कर रहा है।

    अगले 20 साल की योजना: आयुक्त श्रीनिवास

    एमएमआरडीए आयुक्त ने खुलासा किया कि रिपोर्ट के अनुसार मुंबई में पिछले वर्षों में सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग कुछ कम जरुर हुआ है,परंतु आने वाले समय में सस्ती  और सुलभ परिवहन की आवश्यकता होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए अगले 20 साल की योजना बनाई गई है। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था, सड़कें आदि संसाधनों के लिए लगभग 4 लाख करोड़ रुपए निवेश की आवश्यकता होगी। एमएमआरडीए से लोगों की उम्मीदें बढ़ रही हैं और महानगरीय क्षेत्र के सभी आयुक्तों के लिए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि नागरिकों को उनके क्षेत्र में  सुविधाएं ठीक से उपलब्ध कराई जाएं।