measles cases
Representational Pic

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) में तेजी से पैर पसार रहे खसरे (Measles) को खत्म करने के लिए राज्य सरकार ने 11 सदस्यीय टास्क फोर्स (Task Force) का गठन किया है। यह टास्क फोर्स कोरोना टास्क फोर्स (Corona Task Force) की तर्ज पर कार्य करते हुए खसरे पर लगाम लगाने के उपाय सुझाएगी। मुंबई समेत राज्य के अन्य जिलों में तेजी से बढ़ रहे खसरे को नियंत्रित करने और बढ़ते मामलों को कम करने और आवश्यक कदमों की सिफारिश करने के लिए 11 सदस्यीय टास्क फोर्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों को शामिल किया गया है। खसरे को नियंत्रित करने के लिए शुरू किए गए टीकाकरण अभियान में लोगों द्वारा सकारात्मक प्रतिसाद नहीं दिए जाने से इसकी गति काफी धीमी बताई जा रही है। 

    गौरतलब हो कि मुंबई में खसरे के प्रकोप की संख्या बढ़कर 89 हो गई है, जबकि राज्य में अब तक 12,241 से अधिक संदिग्ध और 745 संक्रमित मामलों का पता चला है। इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में 700% की वृद्धि सामने आई है। 

    टास्क फोर्स में इन्हें किया गया शामिल 

    जन स्वास्थ्य विभाग के आदेश पर बनाई गई टास्क फोर्स में बाल रोग विशेषज्ञ, महामारी विशेषज्ञ, डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ के प्रतिनिधि, महानगरपालिका और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, पुणे के अधिकारी शामिल होंगे। इसकी अध्यक्षता राज्य के पूर्व स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुभाष सालुंखे करेंगे। सालुंखे ने बताया कि यह भी एक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल है। कोविड के लिए विकसित सिद्धांतों की तर्ज पर खसरे के प्रकोप को नियंत्रित करना टास्क फोर्स का काम है। सभी जिलों को कहा गया है कि वे अपनी-अपनी टास्क फोर्स बनाएं जो राज्य स्तरीय इकाई के साथ समन्वय और संवाद करेगी।

     

    टीकाकरण अभियान से दूर दिखे लोग  

    6 महीने से 9 महीने के बीच के बच्चों के टीकाकरण के लिए चलाए गए विशेष टीकाकरण अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। पहले दिन मुंबई में केवल 20 बच्चों को खसरा-रूबेला का टीका दिया गया, जो सामान्य परिस्थितियों में बच्चे के 9 महीने का होने के बाद ही दिया जाता है। प्रकोप के कारण केंद्र ने शुरुआती खुराक की सिफारिश की है। 

    बीएमसी को टीकाकरण में रफ्तार की उम्मीद 

    मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मंगला गोमारे ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि टीकाकरण की संख्या में सुधार होगा। बीएमसी ने इस आयु वर्ग के 3,569 बच्चों की पहचान की है। खसरा-रूबेला टीके की एक अतिरिक्त खुराक भी 9 महीने से 5 वर्ष के बीच के बच्चों को दी जाती है, भले ही उनके पिछले टीकाकरण की स्थिति कुछ भी हो। पहले दिन प्रभावित क्षेत्र 1,142 बच्चों को अतिरिक्त टीका दिया गया। डॉ. गोमारे ने कहा कि जिन बच्चों को हाल के सप्ताहों में टीका लग सकता है, उन्हें एक महीने के बाद अतिरिक्त टीका दिया जाएगा। 1.6 लाख से अधिक बच्चों को नियमित दो खुराक के बजाय तीसरी वैक्सीन की खुराक मिलेगी।

    मुंबई में संदिग्ध मामलों की संख्या 4,355 के पार

    राज्य द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, मुंबई के 89 प्रकोपों में से 37 का इलाज हो रहा है। मुंबई में संदिग्ध मामलों की संख्या 4,355 को पार कर गई है, जबकि 346 मामलों की पुष्टि हुई है। कुल 117 बच्चे अस्पताल में हैं जिसमें 3 क्रिटिकल हैं। अब तक राज्य में 18 मौतें दर्ज की गई हैं। मुंबई में 12, भिवंडी में 3, ठाणे में 2 और वसई-विरार में 1 मौत हुई है।