arrest
File Photo

    Loading

    मुंबई : अंडरवर्ल्ड के जुड़े गैंगस्टर विदेश में बैठे कर मुंबई (Mumbai) समेत आस-पास के शहरों के व्यवसायियों को धमकी देकर हफ्ता उगाही कर रहे हैं। पिछले कुछ सालों में कई गैंगस्टरों (Gangster) को विदेश से गिरफ्तार (Arrested) कर देश में लाया गया है। गैंगस्टर रवि पुजारी के कभी खास रहे गैंगस्टर सुरेश पुजारी (Gangster Suresh Pujari) को फिलीपींस (Philippines) में गिरफ्तार (Arrested) किया गया है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच उसे भारत लाने का प्रयास कर रही है। उसने रवि पुजारी से अलग अपना गैंग बनाया था।

    क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक, 3 दिनों पहले गैंगस्टर सुरेश पुजारी को गिरफ्तार किया गया। फिलीपींस की तरफ से भारत सरकार को इस संबंध में सूचना दी गई है। अब उसको भारत डिपोर्ट करने की कोशिश की जा रही हैं। पुजारी जब वहां एक बिल्डिंग के बाहर खड़ा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुजारी मुंबई पुलिस, सीबीआई एवं एफबीआई के रडार पर था। इससे जुड़ी तमाम डिटेल मुंबई पुलिस ने भारत सरकार को सौंपी थी।

    घाटकोपर के असल्फा विलेज में रहता था पुजारी

    घाटकोपर (प.) के असल्फा विलेज के एनएसएस रोड स्थित भाजी मार्केट के पास सुरेश पुजारी माता-पिता के साथ रहता था। वह यहीं पला बढ़ा एवं अपराध की दुनिया में कदम रखा। उसके पिता आज भी असल्फा विजेल में रहते हैं। सुरेश पुजारी पहले रवि पुजारी से जुड़े हुआ था और उसके इशारे पर हफ्ता वसूली करता था। वर्ष 2007 में क्राइम ब्रांच ने उसके घर पर छापेमारी कर भारी संख्या में हथियार बरामद किया था। उस समय सुरेश फरार होने में सफल हो गया, उसके बाद वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। यहां से भागने के बाद ही वह नेपाल के रास्ते विदेश चला गया और वहीं से हफ्ता वसूली का कारोबार चला रहा है।

    ठाणे, कल्याण और उल्हासनगर में अधिक सक्रिय

    सूत्रों के मुताबिक, सुरेश की एक बहन उल्हासनगर में रहती है। वह मुंबई के अलावा ठाणे, कल्याण और उल्हासनगर में अधिक सक्रिय था। वह अलग-अलग देशों में सुरेश पुजारी के अलावा सुरेश पुरी और अन्य छद्म नामों के साथ रह रहा था। सुरेश पुजारी पर मुंबई में करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। सुरेश पुजारी ने आपराधिक जीवन की शुरुआत रवि पुजारी के साथ मिलकर की थी, लेकिन बाद में महत्वाकांक्षी सुरेश पुजारी ने उससे अलग होकर अपना गैंग बना लिया।

    2 दर्जन से अधिक मामले दर्ज

    सुरेश पुजारी पर मुंबई, ठाणे, कल्याण और उल्हासनगर में हफ्ता उगाही, हत्या और आपराधिक षड्यंत्र रचने के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज है। पिछले दो से तीन साल पहले सुरेश पुजारी के उल्हासनगर के एक बिल्डर को धमकी देने का ऑडियो वायरल हुआ था। इस ऑडियो में बिल्डर के लड़के और सुरेश पुजारी के बीच की बातचीत थी। सुरेश ने जब बिल्डर के लड़के को धमकी दी, तो उसके लड़के ने ही सुरेश को जम कर लताड़ा और उसे लंगड़ा तक कहा।

    चेंबूर के व्यवसायी से मांगा था 5 करोड़ का हफ्ता

    सुरेश पुजारी ने साल 2015 में चेंबूर के एक फाइनेंस व्यवसायी को जान से मारने की धमकी देकर 5 करोड़ रुपए का हफ्ता मांगा की थी। उसने व्यवसायी को यू-ट्यूब पर अपलोड एक वीडियो देखने को कहा था, जिसमें उल्हास नगर के केबल ऑपरेटर की हत्या करते हुए देखा जा सकता था। पुजारी गैंग के गुर्गों ने केबल ऑपरेटर की हत्या की थी। वह हत्या की वीडियो को देखा, तो पूरी तरह से डर गया। उसने आरसीएफ पुलिस स्टेशन और क्राइम ब्रांच के हफ्ता निरोधक दस्ते में इसकी शिकायत की थी। क्राइम ब्रांच ने ट्रैप लगाकर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।