एसी लोकल में धीरे-धीरे बढ़ रहे यात्री, किराए में कमी का इंतजार

    Loading

    मुंबई: मुंबई (Mumbai) में लोकल ट्रेन सेवा (Local Train Service) को अपग्रेड किए जाने के उद्देश्य से मध्य रेलवे (Central Railway) पर बढ़ाई गई एसी लोकल (AC Local) अब तक यात्रियों का ठंडा प्रतिसाद ही रहा है। पिछली 18 फरवरी से ठाणे-दिवा 5 वें 6 ठे कॉरिडोर के शुरू होने के साथ 36 नई लोकल फेरियां शुरू की गई, जिनमें 34 एसी लोकल शामिल है। इसी के साथ मेन लाइन पर पहली बार फ़ास्ट एसी लोकल भी शुरू की गई। सीएसएमटी (CSMT) से कल्याण (Kalyan), टिटवाला (Titwala) और बदलापुर (Badlapur) तक एसी लोकल चलाई जा रही है।

    मध्य रेलवे पर एसी लोकल की 60 फेरियां रोजाना चल रहीं हैं। इनमें मेन लाइन पर सीएसएमटी से कल्याण, टिटवाला और बदलापुर तक 44 और हार्बर लाइन पर 16 सर्विस चलाई जा रही है। मध्य रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी सुतार ने बताया कि पिछले लगभग 20 दिनों में एसी लोकल में धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। 19 फरवरी को जहां 145 सिंगल जर्नी और मात्र 13 सीजन पास बिके थे, वहीं 7 मार्च को सर्वाधिक 699 सिंगल जर्नी और 439 सीजन पास की बिक्री हुई है। सुतार ने दावा किया कि बढ़ती गर्मी के साथ एसी लोकल में यात्री भी बढ़ेंगे।

    मेट्रो से ज्यादा किराया

    मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली आम लोकल हमेशा भरी रहती हैं, परंतु एसी लोकल का किराया अधिक होने से यात्री अभी एसी लोकल से दूरी बनाए हुए हैं। फर्स्ट क्लास के यात्री धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि एसी लोकल का किराया बहुत ज्यादा है, इसकी वजह से यात्री कम उपयोग कर रहें हैं। फर्स्ट क्लास के यात्रियों को पिक आवर में यात्रा की अनुमति मिलनी चाहिए। मुंबई में एसी लोकल का किराया मेट्रो से भी काफी ज्यादा है,जबकि साधारण लोकल का किराया काफी कम है। यात्रियों संगठनो का कहना है कि किराए में कटौती के बिना एसी लोकल का उपयोग लोग नहीं करेंगे। ।

    रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव

    एसी लोकल के किराए में कमी को लेकर रेलवे बोर्ड के पास प्रस्ताव भी भेजा गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी किराए में कमी के प्रस्ताव पर जल्द ही निर्णय लेने की बात कही थी। मुंबईकरों को उम्मीद थी कि एसी लोकल के किराए में कमी की घोषणा करेंगे, लेकिन अब तक नहीं हुआ। उपनगरीय प्रवासी संगठन के अध्यक्ष नंदकुमार देशमुख ने कहा कि मेट्रो टिकट स्लैब की तर्ज पर एसी लोकल का किराया होना चाहिए। इसके लिए यात्री संगठन ने आंदोलन की चेतावनी भी दी। देशमुख ने कहा कि अब तो एसी लोकल में टीसी या सुरक्षाकर्मी भी नहीं हैं। उन्होंने महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए।

    यात्रियों को राहत नहीं

    5वीं 6 ठी लाइन शुरू होने के बावजूद फिलहाल यात्रियों को कोई राहत नहीं मिली है। यात्रियों का कहना है कि साधारण लोकल की फेरी बढ़नी चाहिए। यात्री सेवा सुविधा संगठन के अध्यक्ष पारसनाथ तिवारी ने कहा कि मुंबई की आम जनता लोकल ट्रेन में चलती है, एसी लोकल की सर्विस बढ़ने से आम लोकल प्रभावित हुई है, जिसका नुकसान आम यात्रियों को हो रहा है। तिवारी ने कहा कि रेलवे को एसी का किराया कम करने के साथ साधारण लोकल की फेरी बढ़ानी चाहिए।

    1,810 लोकल सर्विस

    एसी लोकल की 60 सेवाओं के साथ, मध्य रेलवे के मुंबई मंडल पर सेवाओं की कुल संख्या 1,774 से बढ़कर 1,810 हो गई है। 2024 तक शहर में ज्यादा एसी लोकल शुरू करने का लक्ष्य है। इस समय मध्य व पश्चिम रेलवे पर लोकल यात्रियों की संख्या 65 लाख के ऊपर हो गई है।