(प्रतीकात्मक तस्वीर)
(प्रतीकात्मक तस्वीर)

    Loading

    मुंबई : हेलो, आपका दूसरा डोज (Second Dose) बाकी है। यदि आप ने भी वैक्सीन (Vaccine) का दूसरा डोज मिस किया है तो आपको भी स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तर पर स्थापित कॉल सेंटर (Call Center) से फोन आएगा। राज्य में दूसरी डोज नहीं लेने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब तक कुल 98 लाख 12 हजार 887 ने वैक्सीन की दूसरी डोज मिस की है।

    एक ओर राज्य में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट (Omicron Variants) का संकट गहरा रहा है। वहीं दूसरी ओर लाखों लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली है। कई प्राथमिक शोध में यह पता चला है कि वैक्सीन की दो डोज वायरस से लड़ने में काफी असरदार साबित हुई है, इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। इसी के संदर्भ में अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. प्रदीप व्यास ने सभी जिलाधिकारियों, महानगरपालिका आयुक्तों, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, विभागीय आयुक्तों को पत्र लिख है। पत्र में उल्लेख है कि देश में 50 फीसदी लोगों का डबल डोज पूरा हो गया, जबकि राज्य में अब भी 46.49 फीसदी ने ही डबल डोज लिया है। उक्त आंकड़े बताते हैं कि हम राज्य के औसत से भी पीछे हैं। 

    कॉल सेंटर से हमें काफी अच्छा प्रतिसाद मिला

    पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर दो जिलों में शुरू किए कॉल सेंटर से हमें काफी अच्छा प्रतिसाद मिला है। इसलिए कॉल सेंटर या फिर अन्य माध्यम के जरिए दूसरा डोज मिस करने वालों तक पहुंचे। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. सचिन देसाई ने बताया कि कई जिलों ने अपने स्तर पर कॉल सेंटर स्थापित कर लिए हैं, तो कुछ में काम जारी है। इन कॉल सेंटर में मौजूद कर्मचारियों को उन  लोगों की सूची दी जाएगी, जिन्होंने दूसरा डोज नहीं लिया है। कर्मचारियों द्वारा संबंधित व्यक्ति को कॉल कर उन्हें वैक्सीन लेने के लिए रिमाइंडर दिया जाएगा। राज्य में 85 लाख 46 हजार 626 ने कोविशील्ड और 12 लाख 66 हजार 261 ने कोवैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली है।

    पुणे, मुंबई, ठाणे, कोल्हापुर, नागपुर में डिफॉल्टर अधिक

    राज्य में दूसरा डोज मिस करनेवाले सबसे अधिक लोग पुणे, मुंबई, कोल्हापुर, ठाणे और नागपुर जिले के हैं। इन 5 जिलों में 36 लाख 16 हजार 324 ने दूसरी डोज की डेडलाइन मिस कर दी है। यानी दूसरी डोज मिस करनेवाले कुल लोगों में से 37 फीसदी लोग उक्त 5 जिले से हैं।

    दूसरा डोज मिस के आंकड़े

    • पुणे- 1303815
    • मुंबई- 728481
    • ठाणे-545711
    • कोल्हापुर- 545274
    • नागपुर- 493043

    16.5 % का पहला डोज बाकी

    राज्य में 18 और उससे अधिक उम्र के 9.14 करोड़ लोग हैं, इनमें से अब तक 16.5 फीसदी लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज नहीं ली है। राज्य में खबर लिखे जाने तक 11 करोड़ 94 लाख 21 हजार 970 डोसेस दिए गए हैं।

    मुंबई में 24 % का दूसरा डोज बाकी

    मुंबई में 18 और उससे अधिक उम्र के 92 लाख 36 हजार 500 लोग हैं, इनमें से केवल 24 % लोगों का दूसरा डोज बाकी है। खबर लिखे जाने तक मुंबई में 1 करोड़ 66 लाख 98 हजार 545 डोसेस दिए गए हैं।

    महाराष्ट्र के आंकड़े

    • पहले डोज- 76241982
    • दूसरा डोज- 43179988
    • कुल डोज- 119421970

    मुंबई के आंकड़े

    • पहले डोज- 9642607
    • दूसरा डोज- 7055938
    • कुल डोज- 16698545