MLA Manda Mhatre

    Loading

    मुंबई: बीजेपी की विधायक मंदा म्हात्रे (BJP MLA Manda Mhatre) ने आरोप लगाया है कि पिछले दो से ढाई सालों में नवी मुंबई (Navi Mumbai) के सभी इलाकों में अवैध कारोबार (Illegal Business) बहुत तेजी से बढ़ा है। लाखों रुपए के फ्लैट खरीदने वाले नागरिक भी सुरक्षित नहीं हैं। जहां-तहां केमिकल से भरे टैंकर खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस सरकार के पिछले पांच सालों के कार्यकाल में इतने अवैध धंधे नहीं थे, जितने ढाई सालों में बढ़े हैं। राज्य के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 

    विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को विधान सभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए बीजेपी विधायक मंदा म्हात्रे ने नवी मुंबई में अवैध कारोबार का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बहुत से लोगों ने नवी मुंबई में करोड़ों रुपए के घर खरीदे हैं, लेकिन उन नागरिकों की सुरक्षा दांव पर है। 

    …तो बड़ी जानमाल की हानि होने की संभावना 

    नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र के तहत  पनवेल, उरण, बेलापुर और  ऐरोली चार विधान सभा क्षेत्र हैं। यहां करीब चार से पांच हजार  केमिकल से भरे टैंकर खड़े रहते हैं। यह सब  ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों  के सहयोग  से किया जाता है। मंदा म्हात्रे ने कहा  कि यदि रसायनों से भरे टैंकर में विस्फोट होता है, तो बड़ी जानमाल की हानि होने की संभावना है। 

    शिकायतों पर नहीं हुई कोई कार्रवाई

     उन्होंने कहा कि नवी मुंबई में सेंध फोड़ी और  चोरी के मामले काफी बढ़ गए हैं।  साथ ही नवी मुंबई में शराब, मटका और जुआ जैसी कई अवैध गतिविधियां चल रही हैं।  इस बारे में कई शिकायतें की गई हैं,  लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गयी। मंदा म्हात्रे ने विपक्ष के नेता अजीत पवार पर कटाक्ष करते हुए पूर्व की महाविकास आघाड़ी सरकार पर जम कर हमला बोला। उन्होंने यह भी कहा कि नवी मुंबई की आबादी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।  नवी मुंबई में एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन रहा है। इस हवाई अड्डे के कारण, नवी मुंबई की सीमा रेखा बढ़ रही है। 

    फडणवीस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन 

     उप मुख्य मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया कि नवी मुंबई में कुप्रबंधन को लेकर की गई शिकायतों की जांच की जाएगी। इस जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।  फडणवीस ने यह भी आश्वासन दिया कि नवी मुंबई में चोरी और सेंध फोड़ी, शराब, मटका और जुआ जैसी कई अवैध गतिविधियों के लिए जिम्मेदार वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।