Kolhapur North By-Election Results 2022

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र के कोल्हापुर उत्तर विधान सभा के उपचुनाव (Kolhapur North By-Election Results) में कांग्रेस उम्मीदवार (Congress Candidate) जयश्री जाधव (Jayshree Jadhav) ने जीत हासिल की है। उन्होंने बीजेपी (BJP) उम्मीदवार सत्यजीत कदम (Satyajit Kadam) को करीब 18 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से जबरदस्त शिकस्त दी है। इस जीत से महाविकास आघाडी गठबंधन को नई संजीवनी मिली है। 

    निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि आघाडी की ओर से कांग्रेस उम्मीदवार जयश्री जाधव को 96,176 वोट मिले, जबकि बीजेपी के सत्यजीत कदम को 77,426 वोट मिले। ऐसे में जयश्री जाधव को 18,750 मतों के अंतर से विजयी घोषित किया गया है। कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव के दिसंबर 2021 में कोविड-19 के कारण निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। कांग्रेस ने इस सीट से दिवंगत विधायक की पत्नी को चुनाव मैदान में उतारा था। इस सीट के लिए उपचुनाव 12 अप्रैल को हुआ था जिसमें 61.19 फीसदी मतदान हुआ था। 

    सत्ता पक्ष और विपक्ष ने झोंकी थी पूरी ताकत 

    इस चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी प्रमुख नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी। आघाडी की ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के अलावा राज्य मंत्री सतेज बंटी पाटिल समेत बाकी नेताओं ने यहां चुनाव प्रचार कर बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती खड़ी की थी। वहीं बीजेपी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल के अलावा नेता विपक्ष देवेंद फडणवीस समेत बाकी नेताओं ने भी चुनाव प्रचार कर अपनी पार्टी के उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरा दम लगाया था। हालांकि आघाडी इस चुनाव में बीजेपी पर भारी पड़ी है। 

    बंटी पाटिल का बढ़ेगा दबदबा 

    कोल्हापुर उत्तर की इस सीट के चुनाव में सीधा मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार जयश्री जाधव और बीजेपी उम्मीदवार सत्यजीत कदम के बीच था, लेकिन राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई राज्य मंत्री सतेज बंटी पाटिल और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल के बीच थी। कोल्हापुर इन दोनों नेताओं का गढ़ है। ऐसे में अब इस जीत के बाद माना जा रहा है कि बंटी पाटिल का कांग्रेस के अलावा आघाडी में दबदबा बढ़ेगा। 

    चंद्रकांत पाटिल जाएं हिमालय, एनसीपी ने भेजा टिकट

    कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार की हार के बाद से प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल को काफी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान पाटिल ने अपने एक बयान में कहा था कि अगर इस सीट से बीजेपी का उम्मीदवार हारता है तो वे हिमालय चले जाएंगे। ऐसे में अब एनसीपी के प्रदेश महासचिव राजा राजापुरकर ने पाटिल के मुंबई से हरिद्वार जाने के लिए थ्री टायर एसी का टिकट भेजा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को हिमालय जाने के दौरान कोई तकलीफ न हो। इस मकसद से यह टिकट बुक किया गया है।

    कोल्हापुर उत्तर विधानसभा उपचुनाव में राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की भूमि के स्वाभिमानी लोगों ने बीजेपी को करारा जवाब देकर उनकी जगह बता दी है। बीजेपी के नेता यहां ईडी से डराने और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति करना चाहते थे, लेकिन कोल्हापुर की जनता ने भाजपा को माकूल जवाब देकर उनकी बोलती बंद कर दी है।

    -नाना पटोले, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

    कोल्हापुर उत्तर सीट के मतदाताओं ने धार्मिक ध्रुवीकरण पैदा करने के प्रयासों को खारिज कर दिया है। कोल्हापुर ने हमेशा समानता के सिद्धांत का पालन किया है। यही वजह है कि आघाडी की ओर से कांग्रेस उम्मीदवार ने शानदार जीत हासिल की है।

    -बाला थोरात, राजस्व मंत्री

    हमारी पार्टी मतदाताओं द्वारा दिए फैसले को निर्णय को स्वीकार करती है। जहां तक हिमालय पर जाने की बात है। मेरे बारे में पार्टी के सीनियर नेता जो भी फैसला करेंगे, वह मुझे मंजूर होगा।

    -चंद्रकांत पाटिल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष