
मुंबई: वाराणसी (Varanasi) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने सोमवार को भव्य काशी विश्वनाथ कॉरिडोर (Kashi Vishwanath Corridor) का लोकार्पण किया। ‘दिव्य काशी, भव्य काशी’ (Divya Kashi, Bhavya Kashi) को लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपा (BJP)की तरफ से मुंबई (Mumbai) सहित राज्य के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। कॉरिडोर लोकार्पण के सीधा प्रसारण को लेकर मंदिरों में बड़े एलईडी स्क्रीन लगाये गये थे।
विधानसभा में विरोधी पक्षनेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा कि मंदिरों का पुनरुज्जीवन होने की अनुभूति मन प्रफुल्लित करने वाली है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार मानता हूं। उन्होंने कहा कि हमारे प्राचीन मंदिरों को आक्रमणकारियों ने नष्ट किया था। प्राचीन काल में अनेक स्थानों पर मंदिरों को छत्रपति शिवाजी महाराजा ने बचाया, उसके बाद पूरे देश में आक्रमणकारियों द्वारा तोड़े गए मंदिरों का जीर्णोद्धार अहिल्याबाई होलकर ने किया। हम सभी के मन में था कि अयोध्या में प्रभु श्रीरामचंद्र के मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर को भव्य दिव्य स्वरूप मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की आकांक्षा को पूरी कर दी है। फडणवीस दक्षिण मुंबई के बाबुलनाथ मंदिर में पूजा अर्चना के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
इनकी रही उपस्थिति
दक्षिण मुंबई के बाबुलनाथ मंदिर में दिव्य काशी भव्य काशी का आयोजन किया गया था। जिसमें फडणवीस के अलावा भाजपा की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे, मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढा, प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह, मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं साधुसंत भी उपस्थित थे।
मालाड शिव मंदिरों में अभिषेक
भव्य काशी, दिव्य काशी कर्त्क्रम के तहत भाजपा की तरफ से मालाड के अबुजवाड़ी और रातोड़ी क्षेत्र के शिवमंदिरों में शिवलिंग का अभिषेक किया और उपस्थित लोंगो के बीच लड्डू का प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर मुंबई भाजपा नेता आर. यू. सिंह के अलावा गुरूदयाल यादव, मुन्ना गुप्ता, शिवपूजन सिंह, संजय दुबे सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
असल्फा के महेश्वर मंदिर में विशेष पूजा
भाजपा सांसद पूनम महाजन के मार्गदर्शन में घाटकोपर के असल्फा स्थित महेश्वर मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण करने के लिए पार्टी पदाधिकारी शुभ्रांशु दीक्षित की तरफ से बड़ा एलईडी स्क्रीन लगाया गया था। साधू संतों ने शंखनाद किया और भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी में आतिशबाजी की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष और नगरसेवक सुषम सावंत, प्रकाश मोरे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।