MTHL

    Loading

    मुंबई: देश के सबसे लंबे निर्माणाधीन समुद्री ब्रिज मुंबई ट्रान्स हार्बर लिंक (Mumbai Trans Harbor Link) पर सबसे लंबा ऑर्थोट्रोपिक स्टील डेक स्पैन (OSD) लॉन्च कर दिया गया। पैकेज-1 पर लॉन्च किया गया 2,400 एमटी यह ओएसडी 180 मीटर लंबा है। इसके पहले 1 अप्रैल को लंबा ओएसडी लांच किया गया था।

    सोमवार की देर शाम लॉन्च किए गए इस बहुउद्देश्यीय डेक का वजन 5-6 बोइंग एयरक्राफ्ट जितना है। यह एक स्टील डेक सुपरस्ट्रक्चर है, जो कंक्रीट सुपरस्ट्रक्चर की तुलना में ब्रिज पर अधिक भार वहन कर सकता है। एमएमआरडीए आयुक्त एसवीआर श्रीनिवास ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, एमएमआरडीए टीम एमटीएचएल पर पहुंच गई है। 

    2023 तक खोलने का लक्ष्य

    श्रीनिवास के अनुसार, अगले साल के अंत तक खोलने  की दिशा में टीम कार्य कर रही है। 85 प्रतिशत से ज्यादा काम हो गया है। परियोजना के अंतर्गत बनाए जाने वाले कुल 32 ओएसडी में से यह ओएसडी 14 वां था। यह स्टील पैन ओएसडी जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, ताइवान और म्यांमार में तैयार किए जा रहे हैं।

    देश में पहली तकनीक

    एमटीएचएल नवी मुंबई चिर्ले से मुंबई के शिवडी तक जुड़ेगा।  देश में पहली बार 70 से लेकर 180 मीटर तक के स्टील स्पैन डेक का इस्तेमाल किया जा रहा है। 

    सबसे लंबा सी ब्रिज

    मुंबई से नवी मुंबई को जोड़ने वाला यह देश का सबसे लंबा सी ब्रिज होगा।इसे मुंबई पुणे एक्सप्रेस-वे से भी जोड़ा जाएगा।साथ ही शिवडी वर्ली कनेक्टर के माध्यम से मुंबई-वर्ली कोस्टल रोड को भी इस परियोजना से जोड़ा जाएगा।

    2018 में शुरू हुआ काम

    काफी चुनौतियों के बावजूद  एमटीएचल परियोजना को 2024 की बजाय 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य है। आयुक्त श्रीनिवास के अनुसार पूर्व समय सीमा के अनुसार कमीशनिंग पर जोर दिया जा रहा है। प्रोजेक्ट अप्रैल 2018 में ही शुरू किया गया था। मुंबई और नवी मुंबई दोनों तरफ से काम चल रहा है ।

    एमटीएचएल की विशेषता

    • 17 हजार 843 करोड़ की योजना
    • मुंबई के शिवडी और न्हावा शेवा को जोड़ने वाले लगभग 22 किमी लंबा 6 लेन का ब्रिज होगा।
    • 16.5 किमी समुद्र व 5.5 किमी जमीन पर है।