Maharashtra Congress

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र कांग्रेस (Maharashtra Congress) का दो दिवसीय शिविर बुधवार से शिर्डी (Shirdi) में शुरू हो गया। इस शिविर में उदयपुर (Udaipur) में आयोजित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के नव संकल्प घोषणा पत्र (Nav Sankalp Manifesto) के मुताबिक ‘एक नेता एक पद’ को लागू करने की मुहिम तेज हो गई है। राजस्व मंत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात ने कहा कि दो पदों पर काबिज नेता को एक पद खुद से छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताओं को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि उन्हें बोलने की जरूरत न पड़े। 

    कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने भी कहा है कि शिर्डी शिविर से ‘एक नेता एक पद’ के सिद्धांत पर अमल शुरू हो गया है। इस घोषणा पत्र पर अमल करते हुए प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान मुंबई कांग्रेस की प्रचार समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अमरजीत सिंह मन्हास ने मुंबई कांग्रेस की समन्वय समिति से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन अब भी ऐसे कई नेता हैं, जिन्होंने दो पदों पर रहने के बावजूद एक पद से इस्तीफा नहीं दिया है। माना जा रहा है कि इस बारे में बढ़ते दबाव के बाद कई नेता एक पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

    बीजेपी की सत्ता को उखाड़ फेंकों  

    केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार लोकतंत्र और जनता की विरोधी है। ऐसे में इस सरकार को केंद्र की सत्ता से उखाड़ फेंकना चाहिए। केंद्र की भाजपा सरकार पर यह हमला महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी एच. के. पाटिल ने किया है। उन्होंने यह आह्वान शिर्डी में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित दो दिवसीय नव संकल्प कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर किया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, कांग्रेस विधायक दल के नेता और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात, लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण, पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और सह प्रभारी आशीष दुआ, कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, विधायक, सांसद, जिलाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।