Vande Bharat Express

Loading

मुंबई: रेल मंत्रालय ने वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Train) सेट के रूप में महाराष्ट्र (Maharashtra) को एक और गिफ्ट देने का फैसला लिया है और इसके तहत मुंबई-गोवा रूट (Mumbai-Goa Route) पर यह लक्जरी एक्सप्रेस चलाया जाएगा। फलस्वरूप अब मुंबई से गोवा के लिए हाई स्पीड ट्रेन का विकल्प उपलब्ध होगा। मंगलवार को इसके लिए सफल परीक्षण भी किया गया। अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक रहा तो वंदे भारत एक्सप्रेस जल्द ही मुंबई सीएसएमटी-मडगांव रूट (Mumbai CSMT-Madgaon Route) पर दौड़ेगी। इससे पहले फिलहाल मुंबई से शिर्डी और सोलापुर जाने वाली ट्रेन का ट्रायल रन किया गया था। 

मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस मुंबई से सुबह 5.35 बजे गोवा के लिए रवाना हुई। सीएसएमटी स्टेशन से रवाना हुई 16 बोगियों वाली वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर ढाई बजे के बीच गोवा के मड़गांव पहुंची। गौरतलब है कि मुंबई से शिर्डी और सोलापुर जाने वाली वंदे भारत ट्रेन को मिल रहे जबरदस्त प्रतिसाद को देखते हुए कई यात्रियों और संगठनों ने इस ट्रेन सेट को मुंबई-गोवा रूट पर भी शुरू करने की मांग की थी, जिस पर रेल मंत्रालय ने उनको निराश नहीं किया है। हालांकि मध्य रेलवे ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं कहा है कि इस रूट पर ही वन्दे भारत ट्रेन चलेगी।

वंदे भारत का यह चौथा रूट

मुंबई से निकलने वाली वंदे भारत का यह चौथा रूट होगा। मुंबई से चलने वाली यह चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। इससे पहले मुंबई सीएसएमटी-अहमदाबाद-गांधीनगर, मुंबई सीएसएमटी-साईनगर शिर्डी, मुंबई सीएसएमटी-सोलापुर रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस चल रही है। अब वंदे भारत एक्सप्रेस मुंबई सीएसएमटी से गोवा रूट पर चलेगी। मध्य रेलवे के एक अधिकारी के अनुसार, इन रूटों पर मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद मुंबई-गोवा रूट पर भी चलाने का फैसला लिया गया है। इस नई ट्रेन सेट से कोंकण के लोगों को फायदा होगा जो कोंकणियों की यात्रा को भी आरामदायक बनाएगी। हालांकि इससे पहले तेजस एक्सप्रेस भी इनकी सेवा में लगातार अपनी सेवा दे रही है।

रफ्तार 180 किमी प्रति घंटा है

मंगलवार को मुंबई से मड़गांव रूट पर इसका सफल परीक्षण किया गया जिस वंदे भारत एक्सप्रेस का परीक्षण मुंबई-गोवा रेल मार्ग पर किया गया उसकी स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है। इस ट्रायल रन का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों ने शेयर करते हुए अपनी ख़ुशी का इजहार किया। उनका कहना था कि इस वंदे भारत ट्रेन की स्पीड अच्छी है और कम समय में गोवा पहुंचना संभव होगा। इस कार की अधिकतम स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है। इस अत्याधुनिक ट्रेन में जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली, बायो-वैक्यूम शौचालय, स्वचालित दरवाजे, वाई-फाई और एडवांस ब्रेकिंग सिस्टम है।

ट्रेन का ट्रायल रन सफल रहा है। यह कहना जल्दबाजी होगी कि मुंबई-गोवा रूट पर ही ये वंदे भारत चलेगी। इस पर अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है।

-डॉ. सुमंत देउलकर, CPRO, मध्य रेलवे