bandongri wall

    Loading

    मुंबई: पश्चिमी उपनगर मलाड-कांदिवली (Malad-Kandivali) में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (Western Express Highway) के पास स्थित बाणडोंगरी  हिल (Bandongri Hill) को खिसकने से रोकने एमएमआरडीए (MMRDA) ने  दीवार  (Wall) बनाने का काम पूरा कर लिया है। बताया गया कि इस हिल को कवर करने के लिए विशेष कलात्मक वाल बनाई गई है। इसमें उपयोग की गई स्टील की जाली स्विट्जरलैंड (Switzerland) से मंगाई गई। 

    उल्लेखनीय है कि मानसून के दौरान मुंबई की इस पहाड़ी के खिसकने से भूस्खलन का खतरा बना रहता था। 2020 में भारी बारिश के कारण पहाड़ी के पास वेस्टर्न एक्सप्रेस पर  बड़ा भूस्खलन हुआ था, जिससे यातायात काफी प्रभावित रहा। भविष्य में कोई दुर्घटना न हो,इसके लिए एमएमआरडीए ने विशेष रूप से सुरक्षा दीवार  बनाए जाने का निर्णय लिया।

    प्रेस्ट्रेस्ड बट्रेस तकनीक

    एमएमआरडीए आयुक्त एसवीआर श्रीनिवास के अनुसार, पहाड़ी को कटाव और भू-स्खलन से बचाने के लिए योजना के तहत वर्षा जल रिसने की व्यवस्था एवं जल निकासी गैलरी बनाई गई है। प्रेस्ट्रेस्ड बट्रेस तकनीकी की इस रिटेनिंग वॉल में स्टील तारों को मूल चट्टान पर डाला गया है, जो ढीली चट्टान को ढहने नहीं देता है। आयुक्त के अनुसार इस नई दीवार को कलात्मक रूप देने के लिए विचार किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 15 करोड़ रूपए खर्च किए गए हैं।

    घाट में भी उपयोगी

    बताया गया कि यह तकनीक मुंबई पुणे एक्सप्रेस और अन्य बड़े घाट पर भूस्खलन रोकने उपयोगी है। पीडब्ल्यूडी, बीएमसी और अन्य सरकारी एजेंसियां इस पद्धति को समझने के लिए एमएमआरडीए के संपर्क में हैं, एक अधिकारी ने बताया इसे मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे घाट खंड में अपनाया जा सकता है, जहां भूस्खलन का खतरा ज्यादा रहता है।