Raj Thackeray
File Photo

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) के लाउडस्पीकर आंदोलन को राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार ने भले ही विफल कर दिया है, लेकिन  हिंदुत्व (Hindutva) के मुद्दे को आगे बढ़ाने को लेकर मनसे (MNS) की तरफ से  अयोध्या में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी जोर शोर से की जा रही है। 5 जून को  मनसे प्रमुख राज ठाकरे (Raj Thackeray) लगभग 18  हजार मनसैनिकों के साथ अयोध्या (Ayodhya) में भगवान राम लला का दर्शन कर सकते हैं। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में अलग-अलग बैठक कर यात्रा की तैयारी की जा रही है। हालांकि ट्रेन बुकिंग को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है। 

    मनसे की तरफ से कहा गया है कि अयोध्या के लिए 12 ट्रेनों की बुकिंग की गयी है, लेकिन मध्य रेलवे ने इस तरह की किसी भी जानकारी से इंकार किया है। 

    पुणे में 5 जून को अयोध्या जाने की घोषणा की थी  

    मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने पिछले महीने पुणे में आयोजित पत्रकार परिषद में 5 जून को अयोध्या जाने की घोषणा की थी। उन्होंने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि राज्य की मस्जिदों से यदि 3 मई तक अवैध भोंगे (लाउडस्पीकर) नहीं उतारे जाएंगे तो मनसैनिक मस्जिद के सामने उससे अधिक आवाज में हनुमान चालीसा  का पाठ करेंगे। राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार ने मनसे के इस आंदोलन को विफल कर दिया है। सरकार की कार्रवाई की वजह से मनसे के हजारों पदाधिकारी अभी भी अंडरग्राउंड हैं। जिसको लेकर मनसे के अयोध्या दौरे को लेकर भ्रम की स्थिति भी बनी हुई थी, लेकिन अयोध्या दौरा से राज ठाकरे के राजनीतिक भविष्य से भी जुड़ा है।

    कई जिलों से कार्यकर्ता जाएंगे अयोध्या

    मनसे के एक पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी की तरफ से 12 ट्रेनों की बुकिंग की गयी है। अयोध्या की तरफ जाने वाली ट्रेनों में भी बुकिंग करायी जा रही है। मुंबई के अलावा ठाणे, रायगढ़, पुणे और नासिक, औरंगाबाद, नागपुर सहित अन्य जिलों से ट्रेनों से मनसैनिक अयोध्या जाएंगे। कुछ पदाधिकारियों के हवाई जहाज और निजी वाहनों से भी अयोध्या जाने की जानकारी मिली है। मनसे की तरफ से कहा गया है कि 12 ट्रेन बुक की गयी है, लेकिन रेलवे ने इन खबरों से इंकार किया है। 

    कार्यकर्ताओं को रहने की व्यवस्था भी अयोध्या में की गई

    मनसे विभाग प्रमुख संदीप जलगांवकर ने बताया कि प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र से 60 से 70 मनसैनिक अयोध्या जाएंगे। इसको ध्यान में रख कर तैयारी की जा रही है। कार्यकर्ता  2 और 3 जून को मुंबई और अन्य स्थानों से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। कार्यकर्ताओं को रहने की व्यवस्था भी अयोध्या और आस-पास के इलाकों में की जा रही है।

    राज ठाकरे की सभा पर लगी निगाहें 

    अयोध्या दौरे के पहले मनसे प्रमुख राज ठाकरे पुणे में सभा करने वाले हैं। जिस पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं। राज ने 1 मई को औरंगाबाद की सभा में राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और महाविकास आघाड़ी सरकार पर हमला किया था। सभा में राज ने आंदोलन की घोषणा भी की थी, लेकिन सभा के तुरंत बाद मनसैनिकों के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई शुरु कर दी गयी। सैकड़ों पर तड़ीपार की कार्रवाई की गयी, जबकि हजारों को नोटिस भेजा गया। अब राज ठाकरे की पुणे में सभा होनी है। इसके लिए खुद राज ठाकरे ने दो दिन पुणे में अलग-अलग पदाधिकारियों  के साथ बैठक की। गुरुवार को राज ठाकरे सभा को लेकर घोषणा कर सकते हैं।

    15 जून को आदित्य जाएंगे अयोध्या 

    राज्य के पर्यटन मंत्री और शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे 15 जून को अयोध्या जाने वाले हैं। उनके साथ कुछ सांसदों और विधायक भी अयोध्या जा सकते हैं। पहले 10 जून को अयोध्या दौरा निश्चित किया गया था। राज ठाकरे के अयोध्या दौरे का विरोध हो रहा है। शिवसेना की दीपाली सैयद ने मनसे प्रमुख ठाकरे को सलाह दी है कि वे आदित्य ठाकरे के साथ अयोध्या जाएं। उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।