MUMBAI-COASTAL-ROAD

    Loading

    मुंबई. एक बड़ी खबर के अनुसार मुंबई की तटीय सड़क परियोजना (Mumbai Coastal Road) (27 किमी) अब 40% तक बन चुकी है। आज BMC ने जारी अपने एक बयान में कहा कि, मुंबई तटीय सड़क परियोजना (27 किमी) 40% पूर्णता तक पहुंच गई है, जिसमें मालाबार हिल के नीचे 1 किमी लंबी, 40 फीट व्यास की सुरंग को पूरा करना भी शामिल है। इसके बाद केवल 900 मीटर लंबी सुरंग का काम पूरा किया जाना है। बता दें कि यह भारत में 40 फीट व्यास की अपनी तरह की पहली समुद्री सुरंग होगी।

    गौरतलब है कि इसके पहले BMC ने यह बात कही थी कि, महाराष्ट्र के मुंबई में यातायात जाम की समस्या को दूर करने के लिए बनाई जा रही आठ लेन वाली तटीय सड़क जुलाई 2023 में आवागमन के लिए खोल दी जाएगी। बता दें कि बीएमसी ने दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव को उत्तर मुंबई के बोरिवली से जोड़ने के लिए 29.2 किलोमीटर लंबी समुद्र तटीय सड़क परियोजना शुरू की थी। इस परियोजना की लागत 12,721 करोड़ रुपए है।

    बता दें कि इस परियोजना की शुरुआत अक्टूबर 2018 में हुई थी और इसके 2022 तक पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन मुकदमों के कारण इसमें देरी हो गई। दरअसल बंबई उच्च न्यायालय ने परियोजना के लिए तटीय सड़क क्षेत्र की मंजूरी को जुलाई 2019 में खारिज कर दिया था, जिसके बाद यह परियोजना रुक गई थी। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने अदालत के आदेश पर बीते साल दिसंबर 2019 में रोक लगा दी थी, जिसके बाद निर्माण कार्य पुन: आरंभ हुआ था।