rain
File Photo

    Loading

    मुंबई:  शुक्रवार को मुंबई सहित आसपास के इलाकों में भारी बारिश (Heavy Rain) से मुंबईकर (Mumbaikars) बेहाल हो गए। मुंबई में बुधवार से ही लगातार बरसात (Rain)हो रही है। इससे निचले इलाकों में जलजमाव (Waterlogging) होने से ट्रैफिक पर असर पड़ा। सुबह शुरु हुई भारी बारिश से नौकरीपेशा लोगों को ऑफिस जाने में परेशानी हुई। मुंबई मध्य रेलवे और हार्बर लाइन के साथ पश्चिम रेलवे पर लोकल ट्रेनें 20 से 25 मिनट की देरी से चल रही थी।

    अमूनन सितंबर महीने में बरसात खत्म हो जाती है, लेकिन पश्चिम बंगाल में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून वापस लौट आया। मुंबई आईएमडी ने पांच दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया था।

    कल भी भारी बारिश का अनुमान

    मौसम विभाग के अनुसार मुंबई, ठाणे, रायगढ़ के अलावा मध्य महाराष्ट्र और कोकण क्षेत्र में शनिवार को भी भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग मुंबई की उपनिदेशक सुषमा नायर ने बताया कि शनिवार के बाद बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी। हालांकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।

     24 घंटे में इतनी हुई बारिश 

     मुंबई में गुरुवार शाम 6 बजे से शुक्रवार शाम 6 बजे तक पिछले 24 घंटे में मुंबई शहर में 29.88 मिली मीटर , पूर्व उपनगर में 44.49 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगर में 45.11 मिमी बारिश दर्ज की गई । निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को परेशानी हुई।

    वसई-विरार में कई इलाकों में भरा पानी

    उधर, वसई विरार क्षेत्र में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तालुका क्षेत्र में भारी बरसात से सड़कों पर पानी भर गया है। यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया है। स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को मुश्किल का सामना करना पड़ा। ऐसे में यात्रा करने वाले यात्रियों को पैदल ही सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ा। नायगांव, वसई, नालासोपारा और विरार में हुई भारी बारिश बारिश का असर सबसे ज्यादा निचली इलाकों में रहने वाले लोगों पर पड़ा है। निचली क्षेत्रों में बसी बस्तियों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण समूचा इलाका जलाशय के रूप में तब्दील रहा। लोगों के घरों में पानी घुस गया। ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले नागरिक अपने घरों में कैद रहने को मजबूर हैं।