Mumbai-Goa Highway

    Loading

    मुंबई: हर वर्ष विशेषकर गणेशोत्सव (Ganeshotsav) के दौरान चर्चा में रहने वाले मुंबई-गोवा हाइवे (Mumbai-Goa Highway) का काम तेजी से हो रहा है। बताया गया कि इस बहुउद्देशीय हाइवे पर पलासपे फाटा से इंदापुर तक 84 किलोमीटर लंबी सड़क का 48 फीसदी से ज्यादा हिस्सा बन कर तैयार हो गया है। उल्लेखनीय है कि मानसून और गणेश उत्सव के दौरान इस हाइवे की हालत अत्यंत ख़राब हो जाती है।  बड़े-बड़े गड्ढे और भारी ट्रैफिक जाम (Traffic Jam) को देखते हुए इस महामार्ग को नए सिरे से चौड़ा कर सुधारने का निर्णय लिया गया। 

    केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, यह राजमार्ग दिसंबर 2023 तक पूरा हो जाएगा। इससे मुंबई से कोंकण जाने वाले वाहनधारकों को राहत मिलेगी।

    12 साल पहले हुआ था मंजूर

    मुंबई से कोंकण और गोवा जाने वाली भीड़ को देखते हुए मुंबई-गोवा हाइवे को 12 साल पाहे ही मंजूरी दी गई थी। इस महामार्ग की दुर्दशा को लेकर अनेक आंदोलन भी हुए। पनवेल के पास पलासपे से इंदापुर तक चार लेन की सड़क का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है। इस हाइवे का वास्तविक कार्य 2017 में 80 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण के बाद शुरू हुआ था। इस कार्य को शीघ्र पूर्ण करने की दृष्टि से ठेकेदारों को 10 तालुका वार पैकेज में बांट कर कार्य प्रारंभ किया गया। सभी पैकेजों में काम चल रहा है। इंदापुर से जराप तक 355 किमी में से 243 किमी का काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य दिसम्बर, 2023 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

    वन विभाग की स्वीकृति

    उल्लेखनीय है कि इस हाइवे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की समस्या आयी। लंबित भूमि अधिग्रहण मुआवजे की राशि को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा अनुमोदित कर दिया गया है। भूमि राशि पोर्टल के माध्यम से आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। बताया गया कि इस हाइवे के लिए प्राथमिक स्तर पर वन विभाग की स्वीकृति मिल गई है, बाकि कार्य की अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। यह हाइवे पूरी तरह चौड़ा हो जाने के बाद मुंबई से गोवा की दूरी 8 घंटे में ही पूरी की जा सकेगी।