Kishori Pednekar
मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर

    Loading

    मुंबई. मुंबई (Mumbai) की महापौर किशोरी पेडणेकर (Mayor Kishori Pednekar) को जान से मारने की धमकी (Death Threats) मिलने के बाद हड़कंप मच गया। उन्हें एक पत्र के द्वारा धमकी दी गई थी। भायखला पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दी है और जांच शुरू कर दी है। इसी बीच सरकार ने महापौर को सुरक्षा प्रदान की है। इस बात की जानकारी राज्य के गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने दी है।

    गृह मंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, “मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर को जान से मारने की धमकी के पत्र के बाद सरकार ने उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की है। पत्र भेजने वालों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

    गौरतलब है कि शुक्रवार को किशोरी पेडणेकर को कूरियर से एक पत्र मिला, जिसमें जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। यह पत्र पनवेल से कूरियर किया गया था। उस पर भेजने का अलग-अलग पता लिखा है। पुलिस ने महापौर का बयान दर्ज एफआईआर दर्ज कर दी है।

    उल्लेखनीय है कि, यह पहली बार नहीं है जब महापौर किशोरी पेडणेकर को जान से मारने की धमकी मिली है। इससे पहले 22 दिसंबर 2020 को उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस वक्त एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।