
मुंबई: मुंबई के वर्ली में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां 15 मंजिला इमारत से लिफ्ट ट्रॉली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि, वे यहां पर कांच की खिड़की साफ करने का काम कर रहे थे। बृहमुम्बई नगर निगम ने यह जानकारी दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, वर्ली के प्रेम नगर में स्थित अविघना टावर बिल्डिंग के शीशे साफ करने के दौरान यह हादसा हुआ। यह सफाईकर्मी इमारत की 15वीं मंजिल पर हाइड्रोलिक लिफ्ट ट्रॉली में थे और शीशे साफ कर रहे थे। अचानक लिफ्ट में खराबी आ गई और वह जमीन पर गिर गई। यह घटना करीब शाम चार बजे हुई है।
Mumbai: Two glass window cleaners dead after hydraulic lift trolley plunged from a 15 storied building in Worli: BMC pic.twitter.com/EqqyzpkH6q
— ANI (@ANI) January 9, 2023
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि, लिफ्ट की रस्सी अचानक टूट गई और लिफ्ट नीचे गिर गई। उन्होंने बताया कि, यह हादसा शाम करीब 4.30 बजे हुआ। इस घटना के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और बीएमसी के वार्ड कर्मचारी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। पीड़ितों को तुरंत पास के नायर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि, वर्ली पुलिस कथित लापरवाही के लिए लेबर कांट्रेक्टर और साइट सुपरवाइजर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में है।