Samridhi Expressway

    Loading

    मुंबई: राज्य की उप राजधानी नागपुर से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को जोड़ने वाले समृद्धि एक्सप्रेस-वे (Samridhi Expressway) के पहले चरण का लोकार्पण 11 दिसंबर को पीएम मोदी करने जा रहे  हैं। इसके साथ ही नागपुर (Nagpur) से शिर्डी (Shirdi) के बीच 530 किमी हाइवे पर वाहन दौड़ने लगेंगे, जबकि मुंबई (Mumbai) तक आने में अभी एक साल से ज्यादा वक्त का इंतजार करना होगा।

    समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर 701 किमी का काम 18 पैकेज में बांटा गया है। 6 लेन का हाईवे महाराष्ट्र के 10  जिलों के 26 तालुकों के 392 गांवों से होकर गुजर रहा हैं। अधिकारियों के अनुसार, समृद्धि एक्सप्रेस-वे को दिसंबर 2023 तक मुंबई तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है। शिर्डी से इगतपुरी और ठाणे तक का कार्य भी तेजी से चल रहा है। पुरे मार्ग पर 6 सुरंगे बनाई गई हैं। इनमें सबसे लंबी और चौड़ी सुरंग में इगतपूरी के कसारा घाट में बनी है।

    मई में खुलना था पहला पैच  

    उल्लेखनीय है कि नागपुर से शेलुगांव तक 210 किमी के पहले पैच को पिछली उद्धव सरकार ने 2 मई से खोलने की तैयारी थी, लेकिन वाइल्डलाइफ ओवरपास के काम में तकनीकी गड़बड़ी के चलते लोकार्पण टाल दिया गया था। अब नई सरकार सीधे शिर्डी तक हाइवे को खोल रही है।

    ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे

    समृद्धि देश का पहला सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे है, जिसके दोनों तरफ सुरक्षा दीवार बनी है। इसके अलावा हाइवे पर बिजली उत्पादन के लिए सोलर प्लांट, वाइल्ड लाइफ सरंक्षण के साथ हाइवे के दोनों किनारों पर लगभग 12 लाख पेड़ लगाने की योजना है। हर 40 से 50 किमी पर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की व्यवस्था की गई है। वन्यजीव क्षेत्रों में एलिवेटेड वॉकवे बने हैं।

    https://twitter.com/CMOMaharashtra/status/1599355306474995712

    जितनी यात्रा, उतना टोल

    इस एक्सप्रेस-वे पर देश में पहली बार नया प्रयोग हो रहा है। एक्सप्रेस-वे पर आप जितने किमी वाहन चलाएंगे, उसी के हिसाब से एग्जिट पॉइंट पर टोल वसूल किया जाएगा। एक्सप्रेस-वे के इंट्री पॉइंट पर ही वाहनों का स्कैन कर लिया जाएगा और एग्जिट पॉइंट पर किमी के हिसाब से टोल लगेगा। 55 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले समृद्धि पर न्यूनतम 1.73 रुपए प्रति किमी टोल लगेगा।

    अधिकतम 120 की स्पीड

    एमएसआरडीसी के अनुसार, 150 किमी प्रति घंटा की रफ़्तार से वाहन चल सकें, इसे ध्यान में रख कर एक्सप्रेस-वे बना है। हालांकि राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) ने अधिसूचना जारी कर समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर समतल क्षेत्र में वाहनों की स्पीड अधिकतम 120 किमी प्रति घंटा, जबकि घाट क्षेत्र में 100 किमी और मालवाही वाहनों की स्पीड अधिकतम 80 किमी निर्धारित की है। समृद्धि पर तीन या चार पहिया रिक्शा, मोटर साइकिल स्कूटर के चलने पर पाबंदी होगी।