Samridhi-Expressway

    Loading

    मुंबई: नागपुर (Nagpur) से मुंबई (Mumbai) के बीच समृद्धि एक्सप्रेस-वे  (Samriddhi Expressway) का पहला चरण बन कर तैयार हो गया है। नागपुर से शिर्डी (Shirdi) तक तैयार समृद्धि का लोकार्पण 15 अगस्त को पीएम मोदी कर सकते हैं। ऐसा संकेत एमएसआरडीसी के प्रबंध निदेशक राधेश्याम मोपलवार ने दिया है।

    मुख्यमंत्री कार्यालय में (वॉर रूम, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स) के महानिदेशक मोपलवार के अनुसार, शिर्डी से नागपुर तक 480 किमी की इस परियोजना का पहला चरण पूरा हो चुका है। उद्घाटन के संबंध में औपचारिक घोषणा की प्रतीक्षा है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा था कि इसका उद्घाटन 15 अगस्त को किया जाएगा।

    एक्सप्रेस-वे पर सुविधा तैयार

    एमडी मोपलवार के अनुसार, समृद्धि एक्सप्रेस-वे के पहले चरण में एम्बुलेंस सेवाएं, टोल संग्रह प्रणाली, पेट्रोल पंप आदि सुविधाएं तैयार हैं। वाहनधारकों से 1.72 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टोल वसूला जाएगा। राजमार्ग को 150 किमी/घंटा तक की गति के लिए डिजाइन किया गया है, जबकि गति सीमा 120 किमी/घंटा निर्धारित है। इस एक्सप्रेस-वे पर पहले वर्ष में प्रतिदिन लगभग 25,000 वाहन चलने की उम्मीद है।

    वर्ष 2023 में होगा पूरा

    समृद्धि एक्सप्रेस-वे दिसंबर 2023 तक मुंबई तक खुलने की उम्मीद है। शिर्डी से इगतपुरी और ठाणे तक का कार्य भी चल रहा है। साल के अंत तक 623 किमी हाइवे को खोला जा सकता है। राज्य की उपराजधानी नागपुर से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को जोड़ने वाले 701 किमी समृद्धि एक्सप्रेस-वे को स्व. बालासाहेब ठाकरे का नाम दिया गया है।

    8 लेन का हाइवे

    राजमार्ग की चौड़ाई 120 मीटर है। हाइवे पर आठ लेन का काम चल रहा है। समृद्धि हाइवे राज्य के 10 जिलों, 26 तालुकों और 392 गांवों से होकर गुजरेगा ।इस परियोजना के पूरा होने के बाद  नागपुर से मुंबई का सफर महज 8-9 घंटे में पूरा किया जा सकेगा।