maharashtra raj bhavan

    Loading

    मुंबई: राज्यपाल नामित विधान परिषद (Legislative Council) की 12 सीट रिक्त है। राज्य सरकार की तरफ से लगभग 2 साल पहले विधान परिषद के लिए 12 लोगों के नाम राजभवन (Raj Bhavan) में भेजे गए थे। जिसे राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Governor Bhagat Singh Koshyari) ने अभी तक मंजूरी नहीं दी है। राज्य में नई सरकार बनाने के बाद 12 विधायकों की नई सूची जल्द ही राजभवन भेजी जाएगी। इसके लिए राजभवन भेजी गई पुरानी सूची को वापस मंगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके साथ ही विधायक बनाने के लिए बीजेपी और शिवसेना के शिंदे गुट में लॉबिंग शुरू हो गई है।

    शिवसेना पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में महाविकास आघाड़ी सरकार बनने के बाद 6 नवंबर 2020 को ठाकरे सरकार की तरफ से विधान परिषद सदस्य नियुक्त करने के लिए 12 लोगों के नाम राजभवन भेजे गए थे, लेकिन राज्यपाल ने मंजूरी नहीं दी। हालांकि इसके लिए मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने कई बार राज्यपाल से मुलाकात की थी। मामला अदालत में भी पहुंचा था। अब सरकार बदलने के बाद नई सरकार ने नये नाम भेजने का निर्णय लिया है।

     कैबिनेट की बैठक में प्रक्रिया पूरी

    बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रहे राज्य के वरिष्ठ मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि पुरानी सूची वापस मंगाकर नई सूची भेजी जाएगी। पुरानी सूची वापस मंगाने के लिए प्रस्ताव लाना पड़ता है। कैबिनेट की बैठक में यह प्रक्रिया पूरी हो गई है। राज्यपाल के यहां से सूची वापस आने के बाद नई सूची भेजी जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सूची कब वापस आएगी और दोबारा कब भेजी जाएगी। इसकी जानकारी मुझे नहीं है। विधान परिषद की नई सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए लॉबिंग शुरू हो गयी है।