(प्रतीकात्मक तस्वीर)
(प्रतीकात्मक तस्वीर)

    Loading

    मुंबई: राज्य में धीमी पड़ गई टीकाकरण (Vaccination) मुहिम अब रफ्तार पकड़ रही है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो ओमीक्रोन (Omicron) से बचाव के लिए लोग टीकाकरण के लिए आगे आ रहे हैं। राज्य में महज 13 दिनों में 1 करोड़ लोगों ने कोविड वैक्सीन (Covid Vaccine) का डोज लिया है।  राज्य में करीब 98 लाख लोगों कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज (Second Dose) नहीं ली है। इसी बीच, राज्य पर ओमीक्रोन वेरिएंट का संकट मंडरा रहा है। कई प्राथमिक शोध में यह बात सामने आई है कि वैक्सीन की दो डोज लेने के बाद बूस्टर डोज (Booster Dose) बीमारी से लड़ने में और भी मददगार साबित हो सकती है। ऐसे में लोग कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण केंद्रों पर लौट रहे हैं। राज्य में मंगलवार को 7 लाख 87 हजार 790 लोगों ने वैक्सीन ली, इसी के साथ राज्य में कुल टीकाकरण का  आंकड़ा 12 करोड़ 2 लाख 94 हजार 548 तक पहुंच गया है। 

    बता दें कि 25 नवंबर से 7 दिसंबर के बीच यानी महज 13 दिनों में एक करोड़ का टीकाकरण किया गया है, जबकि इससे पहले 9 से 25 नवंबर यानी की 17 दिन में एक करोड़ लोगों का टीकाकरण किया गया था। 

    कोरोना नियमों का सख्ती से पालन किए जाने की ज़रूरत

    अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. प्रदीप व्यास ने कहा कि ओमीक्रोन के खतरे को देखते हुए फिलहाल सतर्कता और सावधानी बरतने की ज़रूरत है। वैक्सीनेशन कार्यक्रम को रफ़्तार देने की ज़रूरत है। कोरोना नियमों का सख्ती से पालन किए जाने की ज़रूरत है। टीकाकरण मुहिम को रफ्तार देने के लिए स्वास्थ्य विभाग काफी मेहनत कर रहा है।

    महाराष्ट्र के आंकड़े

    • पहले डोज- 76561352
    • दूसरा डोज- 43733196
    • कुल डोज- 120294548

    मुंबई में 32 ओमिक्रॉन संदिग्ध

    बीएमसी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई में 6 दिसंबर तक 4,845 यात्री हाई रिस्क देश से आए हैं। इसमें से अब तक 23 लोग विदेश से आए कोविड पॉजिटिव मिले हैं और इनके संपर्क में आने वाले 9 लोगों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इन सभी के सैंपल को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। मुंबई में अब तक 2 लोगों में ओमीक्रोन की पुष्टि हुई है। राज्य में कुल 10 कंफर्म केस हैं।

    मुंबई में 191 नए केसेस

     

    मुंबई में बुधवार को 30,501 की टेस्टिंग हुई जिसमें से 191 में कोविड की पुष्टि हुई है, जबकि राज्य में 699 नए कोविड मरीज मिले हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य में 19 मरीज की मृत्यु हुई है, जिसमें से एक मौत मुंबई में हुई है। राज्य में 6,445 एक्टिव मरीज हैं, जिसमें से 1,668 एक्टिव मरीज मुंबई में हैं।

    मुंबई के आंकड़े

    • कुल टेस्ट- 126,74,166
    • कुल पॉजिटिव केस- 764194
    • कुल मौत- 16352
    • कुल ठीक हुए- 743600
    • डबलिंग रेट- 2940 दिन
    • चाल/ स्लम सील- 0
    • इमारतें सील- 14

    राज्य के आंकड़े

    • कुल टेस्ट- 6,62,55,554
    • कुल पॉजिटिव केस- 66,39,995
    • कुल मौत- 141194
    • कुल ठीक हुए- 64,88,680