Mumbai Metro Updates

    Loading

    मुंबई: मुंबई के पश्चिम उपनगरों को जोड़ने वाली नई मेट्रो 2 ए और 7 (Metro 2A and 7) की यात्रा लोगों को भा रही है। एमएमआरडीए (MMRDA) के अनुसार इस नए रूट पर रोजाना यात्रियों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले गुरुवार को पीएम मोदी (PM Modi) ने नई मेट्रो के पूर्ण रूट का लोकार्पण किया था। 

     शुरू होने के तीन दिनों में ही यात्रियों की संख्या डेढ़ लाख के करीब पहुंच गई है। सिर्फ आम ही नहीं, बल्कि ख़ास लोग भी मेट्रो 2 ए और 7 की यात्रा का आनंद ले रहे हैं।

    95 प्रतिशत वास्तविक यात्री

    एमएमआरडीए अधिकारियों के अनुसार, मुंबईकरों का भरपूर  प्रतिसाद मिल रहा है। देखते हुए सोमवार से दोनों रूट पर यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होगी। अधिकारियों ने दावा किया कि नई मेट्रो में 95 प्रतिशत वास्तविक यात्री हैं, जबकि मात्र 5 प्रतिशत लोग आनंद के लिए सफ़र पर निकलते हैं। कामकाजी लोगों के लिए नई मेट्रो काफी उपयोगी साबित हो रही है। बताया गया कि सोमवार को लगभग 1.50 लाख लोगों ने मेट्रो के नए रूट पर यात्रा की। मेट्रो लाइन 2 ए और 7 में यात्रियों की संख्या जल्द ही 3 से 4 लाख प्रतिदिन होने की उम्मीद है।

    मुंबईकरों के लिए सर्वश्रेष्ठ उपहार: सुमित

    फिल्म और टीवी के जाने माने अभिनेता सुमित राघवन ने नई मेट्रो की यात्रा कर कई विडिओ और फोटो भी शेयर किया। सुमित राघवन ने कहा कि यह मेट्रो  मुंबईकरों के लिए सबसे अच्छा उपहार है। उन्होंने कहा कि मेट्रो में यात्रा करते समय मुझे ऐसे लगा कि जैसे मैं एक बच्चे की तरह किसी खिलौने की दूकान पर हूं। सुमित के अलावा पश्चिमी उपनगरों में रहने वाले कई आम और ख़ास लोगों का सफ़र आसान हुआ है।

    लग रही 236 ट्रिप

    एमएमएमओसीएल अधिकारियों के अनुसार नई मेट्रो की फ़िलहाल 236 ट्रिप लग रही है। जिनमें सुबह और शाम के पीक आवर्स के दौरान 8 मिनट के अंतराल में सेवाएं उपलब्ध हैं। एमएमआरडीए के पास बेड़े में 28 रेक हैं, इनमें 21 को सेवा में लगाया है, शेष रखरखाव के उद्देश्य से स्टैंडबाय पर हैं। अधिकारियों के अनुसार मांग बढ़ने पर सर्विस बढ़ाई जाएगी। दहानूकर वाड़ी से गुन्दवली पहली मेट्रो 5.25 बजे, जबकि अंतिम मेट्रो दहिसर पूर्व से दहानूकरवाड़ी के लिए रात 10.50 बजे तक उपलब्ध है। इन दोनों रूट पर मेट्रो लाइन-1 की वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर लाइन के साथ इंटरचेंज की सुविधा हैं।

    एक्सप्रेस-वे और लोकल ट्रेन पर घटेगा भार

    यात्रियों का कहना है कि इस मेट्रो रूट के पूर्ण संचालन से वेस्टर्न एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक जाम कम होने के साथ लोकल पर पड़ने वाला भार कुछ कम होगा। नया रूट दहिसर से सीधे अंधेरी और पूर्वी घाटकोपर से जुड़ जाने पर बड़ी संख्या में लोग लोकल की बजाय मेट्रो की कूल कूल यात्रा करना पसंद कर रहे हैं। दोनों मेट्रो लाइनें लिंक रोड और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे से होकर गुजरती हैं, जहां बंपर ट्रैफिक होती है।

    एफओबी से जुड़ेंगे

    नई लाइन पर अंधेरी वेस्ट, दहिसर और अंधेरी ईस्ट गुंदवली जैसे प्रमुख स्टेशन हैं, जो वेस्टर्न एक्सप्रेस और डीएन नगर में मेट्रो लाइन वन से भी जुड़े हुए हैं। प्राधिकरण के अनुसार इन स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या अधिक होने की उम्मीद है। नई लाइन 35 किमी लंबी और इसमें 30 स्टेशन है। एमएमआरडीए ने यात्रियों की सुविधा के लिए बॉम्बे एक्जीबिशन सेंटर, नेस्को और ओबेरॉय मॉल को जोड़ने वाले फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के निर्माण के लिए मंजूरी दी हैं।