रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से वसूले 2.94 करोड़ रुपए

    Loading

    मुंबई:  मध्य रेलवे (Central Railway) के मुंबई मंडल पर चलाए जा रहे टिकट चेकिंग अभियान (Ticket Checking Campaign) के तहत जनवरी के पहले 15 दिनों में 2.94 करोड़ रुपए का जुर्माना (Fine) वसूला गया है। इस दौरान मुंबई मंडल की उपनगरीय और गैर उपनगरीय ट्रेनों में अवैध यात्रा के 58,334 मामले पकड़े गए।

    लोकल ट्रेनों (Local Trains) के महिला कोचों में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों, हॉकरों के खिलाफ आरपीएफ के साथ टिकट चेकिंग स्टाफ ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाकर 3 दिन में  188 पुरूष यात्रियों को पकड़ा और उनसे 1,28,070 की राशि जुर्माने से रूप में वसूल की गई। इसके साथ ही  23 हॉकरों को भी पकड़ा गया।

    बिना मास्क 715 यात्री

    इसी अवधि के दौरान बिना मास्क वाले 715 यात्रियों को पकड़ा गया और जुर्माने के रूप में 1.44 लाख वसूल किए गए।  इस वित्तीय वर्ष के दौरान 1 अप्रैल  से 15 जनवरी  तक मुंबई मंडल में बिना टिकट-अनियमित यात्रियों के कुल 10.12 लाख मामले पकड़े गए, जिनसे 51.31 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।