Vande Bharat
File Pic

    Loading

    मुंबई: देश की अत्याधुनिक सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत (Semi High Speed Train Vande Bharat) का ट्रायल (Trial ) देश के सबसे कठिन घाट पर सरपट दौड़ाई गई। उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी से मुंबई -शिर्डी ( Mumbai-Shirdi Vande Bharat Train) और मुंबई-सोलापुर वंदे भारत ट्रेन को पीएम मोदी (PM Modi)हरी झंडी दिखाने वाले हैं।

    बताया गया कि पहली वंदे भारत का ट्रायल रन भी मध्य रेलवे ने शुरू कर दिया, जबकि दूसरी वंदे भारत रेक सोमवार को मुंबई पहुंचने वाली है। वंदे भारत का एक रेक गुरुवार की देर शाम मुंबई लाया गया। दोनों ट्रेन का निर्माण चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में किया गया है।

    बिना बैंकर घाट पर सरपट दौड़ी

    मध्य रेल ने भोर घाट पर वंदे भारत का ट्रायल भी शुरू कर दिया। बताया गया कि देश के सबसे कठिन घाट सेक्टरों में से एक भोर घाट पर बिना बैंकर के सरपट दौड़ाई गई। इसके लिए लोको पायलट को सभी जानकारी दी गई। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार शुरू में लोको पायलट घाट में इस अत्याधुनिक ट्रेन को दौड़ाने में झिझक रहे थे, लेकिन ट्रेन की अत्याधुनिक तकनीक को समझने के बाद आसानी हो गई। भोर और थाल घाट सबसे कठिन रेलवे घाट खंड में से हैं। मुंबई-शिर्डी सेमी हाई-स्पीड ट्रेन कसारा के थाल और मुंबई-सोलापुर वंदे भारत खंडाला के भोर घाट से होकर चलेगी।

    घाट सेक्शन में पार्किंग ब्रेक

    खंडाला और कसारा इन घाट पर सभी ट्रेन को पीछे से धकेलने के लिए अतिरिक्त लोकोमोटिव का उपयोग किया जाता है। वंदे भारत में इन बिल्ट इंजन है इसलिए  इस सेमी हाई-स्पीड ट्रेन को बिना बैंकर की मदद के चलाया जाएगा। इसके लिए दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में ‘पार्किंग ब्रेक’ लगाए गए हैं। ऐसे ब्रेक से ढलान पर ट्रेन को आगे बढ़ने से रोका जा सकता है।

    यात्रा समय में कटौती

    मुंबई से शिर्डी और सोलापुर के लिए वंदे भारत ट्रेन शुरू हो जाने पर यात्रा के समय में कटौती होगी। इस ट्रेन में बैंकर न लगने से  ट्रेन में बैंकर को जोड़ने और अलग करने की प्रक्रिया में लगने वाला समय भी घट जाएगा। मुंबई-शिर्डी सेमी हाई-स्पीड ट्रेन लगभग 340 किलोमीटर की दूरी 5.25 घंटे में तय करेगी, जबकि मुंबई-सोलापुर लगभग 455 किमी की दूरी 6.35 घंटे में तय करेगी।